श्रीनगर, 28 अक्टूबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर की मंत्री सकीना इट्टू ने बुधवार को यहां कहा कि सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के नेताओं के बीच नाराजगी के मुद्दे को पार्टी आंतरिक स्तर पर सुलझाएगी।
उन्होंने विपक्ष पर इस मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने का आरोप लगाया।
मंगलवार को मंत्रिपरिषद का विस्तार करते हुए कश्मीर घाटी से चार नए चेहरों को मंत्री बनाया गया। इसके बाद सत्तारूढ़ पार्टी में असंतोष और विरोध देखने को मिला।
नेकां के वरिष्ठ नेता और विधायक मुबारक गुल तथा अब्दुल मजीद लारमी को मंत्री पद नहीं मिला। इसके बाद दोनों ने खुले तौर पर अपनी निराशा जाहिर की।
सकीना इट्टू ने कहा, “यह नाराजगी नहीं है। अगर एक परिवार में 10 बच्चे हैं, तो माता-पिता भी सभी बच्चों को एक ही समय पर खुश नहीं रख सकते।”
मंत्री ने कहा कि अगर विधायकों को कोई शिकायत है, तो वे “घर के अंदर ही अपनी बात रख रहे हैं, जो उनका लोकतांत्रिक अधिकार है।”
इट्टू ने कहा, “नाराजगी या किसी अन्य तरह की कोई समस्या नहीं है।”
मंत्री ने विपक्ष पर इस मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, “उनका काम सिर्फ बातों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करना है, क्योंकि उनके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। उन्हें लगता है कि शायद मंत्रिमंडल फेरबदल से नाराजगी पैदा हुई है और वे इसका राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं।”
भाषा जोहेब संतोष
संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.