नई दिल्ली: इस हफ्ते सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए एक वीडियो में लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के पहले साल के MBBS छात्र सफेद एप्रन पहने दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में वे खड़े दोपहिया वाहनों के पास से एक कतार में धीरे-धीरे गुजरते दिख रहे हैं. इस दौरान उनके सिर झुके हुए हैं और हाथ पीठ के पीछे बंधे हुए हैं. जैसे ही सीनियर छात्र उनके पास से गुजरते हैं, सभी जूनियर छात्र एक साथ ऊंची आवाज में उन्हें “प्रणाम महोदय जी” या “प्रणाम मैडम जी” कहते सुनाई देते हैं.
इस वीडियो के सामने आने के बाद कॉलेज परिसर में रैगिंग के आरोप लगने लगे. हालांकि, संस्थान ने इस तरीके का बचाव करते हुए इसे सम्मान जताने की पुरानी परंपरा बताया.
अब इस मामले पर राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) का ध्यान गया है. मेडिकल छात्रों और रेजिडेंट डॉक्टरों का प्रतिनिधित्व करने वाले पंजीकृत संगठन यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट (UDF) ने आयोग के एंटी-रैगिंग सेल में शिकायत की थी. संगठन ने इस मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की है.
NMC ने न सिर्फ कॉलेज परिसर में कथित तौर पर अपनाए जा रहे इस तरीके पर सवाल उठाए हैं, बल्कि रैगिंग के आरोपों को सार्वजनिक तौर पर खारिज करने वाले विश्वविद्यालय के प्रवक्ता के बयान पर भी सवाल किया है. बुधवार को आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए KGMU के कुलपति और डीन से 24 घंटे के भीतर हर सवाल का अलग-अलग जवाब और अब तक की गई कार्रवाई की शुरुआती रिपोर्ट (ATR) मांगी.
NMC के एंटी-रैगिंग सेल ने विश्वविद्यालय से कहा, “इस घटना की स्वतंत्र, निष्पक्ष और तय समय में जांच शुरू करें. साथ ही, इससे जुड़े सभी CCTV फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और दूसरे सबूत सुरक्षित रखें.”
UDF की यह शिकायत देशभर के मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग के कई आरोपों के बीच आई है. 16 अक्टूबर से 11 नवंबर के बीच आयोग ने 15 मेडिकल कॉलेजों को 18 नोटिस या पत्र जारी किए. इस दौरान मिली शिकायतें ज्यादातर राजस्थान के कॉलेजों से जुड़ी थीं, जबकि एक शिकायत कर्नाटक से थी. इन शिकायतों में शारीरिक और मौखिक दुर्व्यवहार, यौन रूप से अपमानित करना, जबरदस्ती काम करवाना, जूनियर छात्रों के आने-जाने पर रोक लगाना और पढ़ाई में नुकसान पहुंचाने की धमकी देना शामिल था.
राजस्थान से मिली शिकायतों में रैगिंग के कुछ बेहद परेशान करने वाले तरीकों के आरोप लगाए गए. उदाहरण के लिए, बांसवाड़ा के सरकारी मेडिकल कॉलेज में पहले साल के छात्रों को कथित तौर पर अपमानजनक मुद्राएं बनाने, यौन गतिविधियों की नकल करने, आइटम गानों पर नाचने और सीनियर छात्रों के सामने कपड़े बदलने के लिए मजबूर किया गया. बाड़मेर के सरकारी मेडिकल कॉलेज में जूनियर छात्रों को परेशान करने के आरोप में करीब 80 छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई. वहीं, जोधपुर के डॉ. एस.एन. मेडिकल कॉलेज में रैगिंग की जांच के बाद 19 छात्रों को निलंबित कर दिया गया.
बुधवार को ही NMC ने राजस्थान के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, कोटा के प्रिंसिपल से पहले साल के MBBS छात्रों को बार-बार परेशान किए जाने के आरोपों पर जवाब मांगा. इस महीने NMC ने रैगिंग से जुड़े तीसरे मामले में कार्रवाई की है.
आयोग ने कोटा के कॉलेज से 10 अक्टूबर, 29 अक्टूबर और 17 नवंबर को मिली शिकायतों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले दखल देने के बावजूद कथित तौर पर ये तरीके जारी रहे. आयोग ने 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा है.
छात्रों ने आरोप लगाया है कि उन्हें सिर झुकाकर और हाथ पीठ के पीछे रखकर चलने, सीनियर छात्रों को “सम्मानित बॉस” कहकर बुलाने और यहां तक कि अपना नाम बताने के लिए भी अनुमति लेने को मजबूर किया जाता है. शिकायतों में एक “अनिवार्य” ड्रेस कोड, गाली-गलौज और कॉलेज परिसर से बाहर निजी आवास में रहने वाले छात्रों को परेशान करने के आरोप भी शामिल हैं.
NMC ने मामले की स्वतंत्र जांच करने, CCTV फुटेज और व्हाट्सऐप संदेशों को सुरक्षित रखने और बिना पहले से बताए कॉलेज का निरीक्षण करने का आदेश दिया है.
विश्वविद्यालय के बचाव पर सवाल
छात्रों का वीडियो वायरल होने के बाद KGMU के प्रवक्ता डॉ. के.के. सिंह ने रैगिंग के आरोपों को खारिज कर दिया था. उन्होंने कथित तौर पर किए जा रहे अभिवादन को उत्पीड़न के बजाय “सम्मान जताने की पारंपरिक परंपरा” बताया. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है. अगर शिकायत मिलती है, तो विश्वविद्यालय इसकी जांच करेगा.
हालांकि, UDF ने कहा कि औपचारिक शिकायत न मिलने का मतलब यह नहीं है कि छात्रों से यह काम अपनी मर्जी से कराया जा रहा था या यह तरीका सही है.
संगठन ने मंगलवार को NMC को भेजे अपने पत्र में लिखा, “हम सम्मानपूर्वक कहना चाहते हैं कि यह जवाब नियमों की जरूरतों को पूरा नहीं करता. सम्मान जताने के लिए किए जाने वाले अभिवादन में नए छात्रों को कतार में सिर झुकाकर खड़े होने और हर बार किसी सीनियर के गुजरने पर एक साथ आवाज लगाने की जरूरत नहीं होती.”
राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों में रैगिंग की रोकथाम और पाबंदी) नियम, 2021 के नियम 3 के मुताबिक, किसी छात्र से ऐसा काम करवाना भी रैगिंग में शामिल है, जिसे वह आमतौर पर नहीं करता. अगर इस काम से छात्र को शर्मिंदगी, परेशानी या अपमान महसूस होता है और उसके शारीरिक या मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है, तो इसे रैगिंग माना जा सकता है.
नियम 4 (सी) में खास तौर पर किसी छात्र से इस तरह के काम करवाने को शामिल किया गया है. वहीं, नियम 4 (के) के तहत ऐसा व्यवहार भी आता है, जिसका असर नए छात्र के मानसिक स्वास्थ्य और आत्मविश्वास पर पड़ता है. इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि ऐसा करने का मकसद किसी को दुख पहुंचाकर खुशी पाना या अपनी ताकत और दूसरों से बेहतर होने का दिखावा करना था या नहीं.
UDF ने NMC से कहा, “यह व्यवहार इन नियमों के दायरे में आता है या नहीं, इसका फैसला जांच के बाद होना चाहिए, न कि किसी प्रेस बयान के जरिए.”
UDF के अध्यक्ष डॉ. लक्ष्य मित्तल ने दिप्रिंट से कहा, “जिन नए छात्रों को किसी तरह की कार्रवाई का डर होता है, वे शिकायत करने से बचते हैं. जब कोई संस्थान जांच से पहले ही सार्वजनिक रूप से इस व्यवहार को सम्मानजनक बता देता है, तो छात्रों के लिए सामने आकर शिकायत करना और मुश्किल हो जाता है. इसके अलावा, KGMU पहले भी इसी तरह के व्यवहार को रैगिंग मान चुका है.”
मित्तल KGMU में पहले हुए एक विवाद का ज़िक्र कर रहे थे. 2018 में एक वीडियो सामने आया था, जिसमें नए छात्र सीनियर छात्रों को ‘सलाम’ करने के लिए झुकते दिखाई दिए थे. इसके बाद विश्वविद्यालय ने दूसरे साल के करीब 350 छात्रों के पूरे बैच पर जुर्माना लगाया था. उसी महीने रैगिंग की एक दूसरी शिकायत में छह छात्रों को जूनियर छात्रों के बाल छोटे करवाने और सिर झुकाने के लिए मजबूर करने के आरोप में निलंबित किया गया था. बाद में एक आंतरिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर चार छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया था.
NMC ने विश्वविद्यालय के प्रवक्ता के उस कथित सार्वजनिक बयान पर चिंता जताई है, जिसमें उन्होंने इस घटना को सम्मान जताने का सामान्य तरीका बताया था. आयोग ने विश्वविद्यालय से पूछा है कि बिना सही जांच किए उसने किन नियमों के आधार पर यह निष्कर्ष निकाला कि यह व्यवहार रैगिंग नहीं है.
आयोग ने इस बात पर जोर दिया कि सीनियर होने से किसी छात्र को जूनियर छात्रों को अपमानित करने, डराने या उनकी मर्जी के खिलाफ कोई काम करवाने का अधिकार नहीं मिल जाता. उसने आगे कहा, “परंपरा, सम्मान जताने के पुराने तरीकों या कॉलेज परिसर की संस्कृति के नाम पर इस तरह के किसी भी व्यवहार को सही नहीं ठहराया जा सकता.”
NMC ने पूछा-छात्रों को कतार में खड़े होने का निर्देश किसने दिया?
KGMU को भेजे गए अपने पत्र में NMC ने यह भी कहा कि अगर वीडियो में दिख रहा व्यवहार सही पाया जाता है, तो इसकी जांच 2021 के रैगिंग विरोधी नियमों के नियम 3 और 4 (सी) के तहत की जानी चाहिए.
आयोग ने विश्वविद्यालय से यह पता लगाने को कहा है कि क्या वीडियो में दिख रहे छात्र KGMU के ही हैं और क्या यह घटना 16 नवंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे कॉलेज परिसर में कलाम सेंटर के पास हुई थी.
NMC ने यह भी पूछा है कि छात्रों को कतार में खड़े होने, तय तरीके से खड़े रहने और वहां से गुजरने वाले सीनियर छात्रों का अभिवादन करने का निर्देश किसने दिया था. आयोग ने यह भी जानना चाहा है कि क्या छात्र अपनी मर्जी से ऐसा कर रहे थे या उन्हें ऐसा करने के लिए मजबूर किया गया था.
विश्वविद्यालय से यह भी पूछा गया है कि क्या कॉलेज परिसर या हॉस्टल में आमतौर पर इस तरह के तरीके अपनाए जाते हैं, क्या अधिकारियों को इसकी जानकारी थी और क्या इस घटना की जांच रैगिंग विरोधी नियमों के तहत की गई थी.
इसके अलावा, NMC ने KGMU को निर्देश दिया है कि वह इस मामले से जुड़े सभी CCTV फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और दूसरे सबूत सुरक्षित रखे. साथ ही, मामले की स्वतंत्र, निष्पक्ष और तय समय में जांच कराए.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: लतीफ भट मारा गया: कुलगाम में युवाओं को लश्कर में भर्ती करने वाले कमांडर को सुरक्षा बलों ने कैसे घेरा