scorecardresearch
Monday, 28 September, 2026
होमदेशनितिन नवीन ने “वोट चोरी” के आरोप लगाने के लिए राहुल गांधी पर साधा निशाना

नितिन नवीन ने “वोट चोरी” के आरोप लगाने के लिए राहुल गांधी पर साधा निशाना

Text Size:

पानीहाटी (पश्चिम बंगाल), 28 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वोट चोरी के आरोप लगाने के लिए सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि विपक्षी दल जब चुनाव जीतते हैं तो कोई आपत्ति नहीं जताते, लेकिन हारने के बाद निर्वाचन आयोग पर हमला बोलते हैं।

पश्चिम बंगाल दौरे के दूसरे और अंतिम दिन उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बातचीत के दौरान नवीन ने कहा कि अगर गांधी जैसे नेता अपनी हार से सीखने में नाकाम रहे तो उन्हें भविष्य में और कड़े सबक का सामना करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा, ‘विपक्ष अपनी हार और निराशा से बेचैन हो गया है। चाहे कांग्रेस हो या तृणमूल कांग्रेस, वे अपनी हार को पचा नहीं पा रहे। जब वे तमिलनाडु और केरल में चुनाव जीतते हैं तो उन्हें निर्वाचन आयोग की याद नहीं आती। लेकिन जब भाजपा पश्चिम बंगाल, असम या उत्तर प्रदेश में जीतती है तो विपक्ष निर्वाचन आयोग और ईवीएम पर अपना गुस्सा निकालता है।’

इस दौरान नवीन के साथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, मंत्री अग्निमित्रा पॉल और पार्टी की प्रदेश इकाई के विभिन्न वरिष्ठ नेता मौजूद थे। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी को कड़ी चेतावनी भी दी।

उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी जी, अपनी हार से सबक लेने की कोशिश कीजिए। आप निराशा की स्थिति में हैं। इस तरह संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर आप खुद पर संदेह कर रहे हैं। आप जनादेश से मिले दर्द को महसूस कर रहे हैं। इस दर्द से सबक लीजिए, वरना जनता भविष्य में भी आपको ऐसे ही और झटके देती रहेगी।’

भाषा जोहेब अमित

अमित

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments