scorecardresearch
Thursday, 15 October, 2026
होमदेशराजस्थान में 1,050 फुट गहरे बोरवेल में गिरा नौ साल का बच्चा, बचाव अभियान जारी

राजस्थान में 1,050 फुट गहरे बोरवेल में गिरा नौ साल का बच्चा, बचाव अभियान जारी

Text Size:

जोधपुर, 15 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के फलोदी जिले में बृहस्पतिवार को नौ साल का एक बच्चा 1,050 फुट गहरे बोरवेल में गिर गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि लो‍हावट क्षेत्र के पूनियों की ढाणी में दोपहर करीब डेढ़ बजे बजे जब पाचाराम के खेत में बोरवेल की मरम्मत का काम चल रहा था तब उनका बेटा भोमाराम उसमें गिर गया।

अधिकारियों के मुताबिक बोरवेल में खराबी आने के बाद उसकी मरम्मत के लिए मशीन मंगाई गई थी, इस दौरान मजदूर पाइप निकाल रहे थे। तभी बच्चा अचानक फिसलकर बोरवेल में गिर गया।

मौके पर मौजूद बच्चे के पिता ने बताया कि जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो बच्चे का सिर और हाथ ही दिखाई दे रहे थे, लेकिन जब तक वह करीब पहुंचे, बच्चा और नीचे खिसक गया था।

घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलने पर ग्रामीण भी खेत पर एकत्र हो गए। पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के जवान मौके पर पहुंचे एवं उन्होंने बचाव अभियान शुरू किया।

अधिकारियों के अनुसार बच्चे की स्थिति और उसकी गहराई का पता लगाने के लिए बोरवेल में कैमरा उतारा गया।

एक अधिकारी के मुताबिक शुरुआती जानकारी में करीब 640 फुट की गहराई पर हलचल होने का संकेत मिला।

बोरवेल की अनुमानित गहराई 1,050 फुट होने के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। प्रशासन बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में समन्वय कर रहा है।

भाषा बाकोलिया राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments