scorecardresearch
Friday, 1 May, 2026
होमदेशएनएचआरसी ने इस्पात संयंत्र में हुए विस्फोट पर झारखंड सरकार और डीजीपी से रिपोर्ट मांगी

एनएचआरसी ने इस्पात संयंत्र में हुए विस्फोट पर झारखंड सरकार और डीजीपी से रिपोर्ट मांगी

Text Size:

नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि रामगढ़ जिले में हाल ही में एक निजी इस्पात संयंत्र में हुए विस्फोट की घटना के संबंध में उसने झारखंड के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपीत्र) को नोटिस जारी किया है।

इस विस्फोट की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि सात अन्य लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबरें सामने आईं थीं।

एक बयान में कहा गया है कि यह घटना ऐसे समय में हुई जब सुबह वहां काम किया जा रहा था। विस्फोट कथित तौर पर ‘‘तकनीकी खराबी या निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन न करने की लापरवाही’’ के कारण ‘‘भट्टी के अत्यधिक तापमान’’ की वजह से हुआ था।

बयान में कहा गया है कि एनएचआरसी ने रामगढ़ जिले के हेसला क्षेत्र में एक निजी इस्पात संयंत्र में छह अप्रैल को हुए विस्फोट के बाद एक व्यक्ति की मौत और सात अन्य लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की मीडिया पर आई खबरों का स्वतः संज्ञान लिया है।

आयोग ने पाया है कि अगर समाचार की सामग्री सच है, तो यह पीड़ितों के मानवाधिकारों के उल्लंघन का एक गंभीर मुद्दा उठाती है।

इसलिए मानवाधिकार आयोग ने झारखंड के मुख्य सचिव और डीजीपी को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है, जिसमें घायल व्यक्तियों के स्वास्थ्य की स्थिति, जांच और मृतक श्रमिक के परिजनों तथा घायलों को दिए गए मुआवजे (यदि कोई हो) का विवरण शामिल हो।

भाषा यासिर माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments