नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) भारतीय वायुसेना के नवनियुक्त प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने सोमवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान रक्षामंत्री ने वायुसेना प्रमुख की प्रशंसा करते हुए उन्हें एक ‘विशिष्ट वायु योद्धा’ बताया, जो अपने उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए जाने जाते हैं।
राजनाथ सिंह ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर वायुसेना प्रमुख से मुलाकात की कुछ तस्वीरें साझा कीं।
दीक्षित ने 31 अक्टूबर को 29वें वायुसेना प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला था। उन्होंने एयर चीफ मार्शल ए पी सिंह का स्थान लिया, जो उसी दिन सेवानिवृत्त हुए थे।
सिंह ने कहा, ‘‘नवनियुक्त वायु सेना प्रमुख, एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित से मुलाकात हुई। वे एक बेहतरीन वायु योद्धा हैं, जो अपने शानदार नेतृत्व के लिए जाने जाते हैं। मैं उनके कार्यकाल के बहुत सफल रहने की कामना करता हूं।’’
एयर चीफ मार्शल दीक्षित ने रविवार को कहा था कि भारतीय वायु सेना में लड़ाकू स्क्वाड्रन की स्वीकृत संख्या को बहाल करना, तेजस और एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एएमसीए)विकास जैसी स्वदेशी परियोजनाओं में तेजी लाना, और तीनों सेनाओं के बीच समन्वय को मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताएं होंगी।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.