नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) भारत और नेपाल ने पारस्परिक सुरक्षा सहयोग और सीमा प्रबंधन को मजबूत करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय अपराधों से निपटने और आपदा प्रबंधन क्षमता बढ़ाने के तरीकों पर मंगलवार को चर्चा की।
नेपाल के गृह मंत्री सुधन गुरुंग ने यहां पहली बिम्सटेक (बहु-क्षेत्रीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग के लिए बंगाल की खाड़ी पहल) गृह मंत्री स्तरीय बैठक के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
नेपाल दूतावास ने ‘एक्स’ पर बताया कि गुरुंग ने नेपाल में हाल में आई बाढ़ और भूस्खलन के बाद भारत से मिली समय पर मदद की सराहना की।
पोस्ट के अनुसार, दूतावास ने संप्रभु समानता, आपसी सम्मान और विश्वास के आधार पर दोनों देशों के लोगों के पारस्परिक लाभ के लिए व्यावहारिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
बिम्सटेक एक क्षेत्रीय समूह है जिसमें बांग्लादेश, भूटान, भारत, म्यांमा, नेपाल, श्रीलंका और थाईलैंड शामिल हैं।
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.