काठमांडू: नेपाल में भोटे कोशी नदी की बाढ़ से हुई आपदा में मरने वालों की संख्या 626 हो गई है, जबकि 2,426 लोग अब भी लापता हैं. नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDRRMA) ने यह जानकारी दी.
NDRRMA की ओर से 29 अगस्त को सुबह 10 बजे तक जारी ताजा सर्च, रेस्क्यू और राहत अपडेट के मुताबिक, चितवन में सबसे ज्यादा शव बरामद किए गए हैं. यहां इंसानी शरीर के अलग-अलग हिस्सों समेत 233 शव मिले हैं.
नवलपरासी ईस्ट में 158 लोगों की मौत हुई है. इसके बाद नुवाकोट में 51, गोरखा में 48, नवलपरासी वेस्ट में 47, धादिंग में 45, तनहुन में 31, रसुवा में 13 और अन्य प्रभावित इलाकों में मौतें हुई हैं.
प्राधिकरण ने बताया कि 2,426 लोग अब भी लापता हैं. इनमें नेपाल पुलिस के 27, नेपाल सेना के 45, सशस्त्र पुलिस बल के 13, कस्टम ऑफिस के 15 और इमिग्रेशन ऑफिस के चार कर्मचारी शामिल हैं.
जिला आपातकालीन संचालन केंद्रों (DEOCs) से मिली जानकारी के मुताबिक, रासुवा में 562 और नुवाकोट में 115 लोग लापता हैं. हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स से जुड़े कुल 933 लोग भी लापता बताए गए हैं. इसके अलावा मकवानपुर में 65 लोग लापता हैं.
इस आपदा से विदेशी नागरिक और विदेशों में रहने वाले नेपाली नागरिक भी प्रभावित हुए हैं. NDRRMA ने बताया कि 517 विदेशी नागरिक लापता बताए गए हैं. विदेशों में रहने वाले 127 नेपाली नागरिक भी लापता हैं.
लांगटांग नेशनल पार्क से भी तीन लोग लापता बताए गए हैं.
इस बीच, 101 घायल लोगों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है. घायलों की मदद के लिए सर्जिकल और मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं.
प्राधिकरण ने बताया कि अब तक कुल 4,451 लोगों को बचाया गया है. इनमें हाइड्रोपावर सुरंगों से बचाए गए 191 लोग और शनिवार को हवाई रास्ते से सुरक्षित निकाले गए 517 लोग शामिल हैं. कुल 129 विदेशी नागरिकों को भी बचाया गया है.
रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए नेपाल सेना और निजी ऑपरेटरों के 16 हेलिकॉप्टर अब तक 99 उड़ानें भर चुके हैं.
आपदा से टेलीकम्युनिकेशन यानी दूरसंचार का बुनियादी ढांचा भी प्रभावित हुआ है. प्रभावित इलाकों में क्षतिग्रस्त हुए 198 टेलीफोन टावरों में से 145 की मरम्मत कर उन्हें फिर से चालू कर दिया गया है.
सर्च, रेस्क्यू और राहत अभियान के लिए कुल 15,224 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है. इनमें नेपाल पुलिस के 4,811, नेपाल सेना के 6,755 और सशस्त्र पुलिस बल के 3,658 जवान शामिल हैं.
नेपाल सरकार ने रासुवा और नुवाकोट के लिए 1-1 करोड़ रुपये, धादिंग के लिए 50 लाख रुपये और 15 नगरपालिकाओं के लिए 6.75 करोड़ रुपये की नकद सहायता जारी की है.
प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री भी भेजी जा रही है. अब तक खाने-पीने और दूसरी जरूरी राहत सामग्री से भरे 37 ट्रक भेजे जा चुके हैं.
NDRRMA ने बताया कि नुवाकोट में ईंधन का पर्याप्त भंडार रखा जा रहा है. भैरवी, सूर्यमाती और कन्या ऑयल स्टोर्स में 41,000 लीटर डीजल और 24,000 लीटर पेट्रोल उपलब्ध है.
खाने और दूसरी राहत सामग्री पहुंचाने के लिए हेलिकॉप्टरों ने सात उड़ानें भी भरी हैं.
प्राधिकरण ने बताया कि नुवाकोट में 39,000 लीटर एविएशन फ्यूल भेजा गया है. इसके अलावा 8,000 लीटर ईंधन अभी स्टॉक में है और 9,000 लीटर रास्ते में है.
लापता विदेशी नागरिकों, विदेशों में रहने वाले नेपाली नागरिकों, इलाज करा रहे लोगों और हेलिकॉप्टर से बचाए गए लोगों से जुड़ी जानकारी NDRRMA के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज और वेबसाइट पर उपलब्ध है.
यह भी पढ़ें: कूटनीतिक दबाव के बाद नेपाल ने भारत, चीन, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण कोरिया की रेस्क्यू टीम को दी मंजूरी