नागपुर, 19 जुलाई (भाषा) माराष्ट्र के नागपुर में आर्थिक तंगी से परेशान एक व्यक्ति ने मंगलवार को अपनी पत्नी और बेटे समेत एक कार में आत्मदाह किया जिसमें उसकी मौत हो गई, जबकि पत्नी और बेटा बच गये हैं जिनका उपचार चल रहा है । पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना अपराह्न में बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र के खपरी पुनर्वसन इलाके में हुई।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान जैताला निवासी रामराज गोपालकृष्ण भट (58) के रूप में हुई है। उनकी पत्नी संगीता भट (55) और बेटा नंदन (30) गंभीर रूप से झुलस गये हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, मृतक के घर से एक सुसाइड नोट बरामद किया गया है जिसमें उसने कथित तौर पर कहा है कि वह आर्थिक संकट के कारण अपना जीवन समाप्त कर रहा है।
पुलिस ने बताया कि रामराज परिवार को दोपहर के भोजन के लिए बाहर लेकर गया था। उन्होंने बताय कि खपरी पुनर्वसन पहुंचने के बाद उसने अचानक अपनी, पत्नी और बेटे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस ने बताया कि मृतक के खिलाफ बेलतरोड़ी थाने में मामला दर्ज किया गया है।
भाषा
फाल्गुनी रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.