scorecardresearch
Monday, 26 October, 2026
होमदेशरिले कक्ष में आग और बिजली के तारों में तकनीकी खराबी से मुंबई की उपनगरीय ट्रेन सेवाएं बाधित

रिले कक्ष में आग और बिजली के तारों में तकनीकी खराबी से मुंबई की उपनगरीय ट्रेन सेवाएं बाधित

Text Size:

मुंबई, 26 अक्टूबर (भाषा) मुंबई में सोमवार सुबह व्यस्त समय के दौरान एक स्टेशन के रिले कक्ष में आग लगने और ऊपर लगे उपकरणों से बिजली का तार लटकने के कारण मध्य रेलवे मार्ग पर उपनगरीय ट्रेन सेवाएं बाधित हो गईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इन समस्याओं की वजह से सप्ताह के पहले दिन स्टेशनों और ट्रेनों के अंदर भारी भीड़ जमा हो गई। यात्रियों का दावा है कि कुछ जगहों पर उपनगरीय ट्रेन एक घंटे से भी अधिक समय तक खड़ी रहीं। इसके बाद कई यात्री ट्रेन से उतरकर पटरियों के किनारे-किनारे पैदल चलने लगे।

इसका असर मध्य रेलवे की मुख्य लाइन पर उपनगरीय ट्रेनों की समय-सारिणी और लंबी दूरी की सेवाएं देने वाली ट्रेनों पर पड़ा। यह मुख्य लाइन दक्षिण मुंबई को मुंबई महानगर क्षेत्र के ठाणे और रायगढ़ जिलों के दूर-दराज के इलाकों से जोड़ती है।

मध्य रेलवे की मुख्य लाइन दक्षिण मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) को ठाणे जिले के कल्याण से जोड़ती है, जहां से यह रास्ता दो मार्गों में विभाजित हो जाता है। इनमें से एक मार्ग ठाणे के कसारा की ओर और दूसरा रायगढ़ जिले के खोपोली की तरफ जाता है।

मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि सुबह 9:23 बजे मुलुंड और ठाणे के बीच ‘डाउन स्लो लाइन’ के ऊपर लगे बिजली के तारों से एक बाहरी तार लटकता हुआ पाया गया। यह जगह सीएसएमटी से 31.14 किलोमीटर दूर है।

उन्होंने बताया कि समस्या को ठीक करने के लिए सुबह 10 बजे बिजली के तारों पर काम शुरू किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद प्रभावित रेल मार्ग पर उपनगरीय ट्रेन सेवाएं बहाल कर दी गईं।

इसी समय के दौरान मुंबई के कांजुरमार्ग में ‘सिग्नलिंग’ की एक बड़ी खराबी आ गई जिससे मुख्य लाइन की सेवाएं और प्रभावित हुईं।

मध्य रेलवे के एक प्रवक्ता के अनुसार, सुबह करीब साढ़े नौ बजे कांजुरमार्ग स्टेशन पर यह समस्या सामने आई।

नीला ने बताया कि ये समस्या रिले कक्ष में आग लगने के कारण हुई थी। उन्होंने कहा कि इसे ठीक करने के बाद घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।

मध्य रेलवे ने कहा कि बाद में, विशिष्ट मार्गों पर सेवाएं फिर से शुरू हो गईं।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments