scorecardresearch
Sunday, 8 November, 2026
होमदेशमप्र : बीमार मां की देखभाल को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई की हत्या, शव घर में दफनाया

मप्र : बीमार मां की देखभाल को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई की हत्या, शव घर में दफनाया

Text Size:

खरगोन, आठ नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में बीमार मां की देखभाल को लेकर हुए विवाद के दौरान अपने बड़े भाई की हत्या करने और उसका शव घर में दफनाने के आरोप में 32 वर्षीय एक व्यक्ति को रविवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि भीकनगांव थाना क्षेत्र के शकरखेड़ी गांव में रिश्तेदारों द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद आरोपी के घर की तलाशी ली गई। इस दौरान घर के पीछे बने एक कमरे में खोदे गए गड्ढे से शव बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, पांच नवंबर को बीमार मां की देखभाल को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान आरोपी पूनम बरे ने कथित तौर पर अपने बड़े भाई संतोष पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

अधिकारी ने बताया कि अगले दिन संतोष की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर एक कमरे में गड्ढा खोदकर शव दफना दिया, ताकि घटना का पता न चल सके।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने परिवार के बच्चों को धमकी दी थी कि यदि उन्होंने इस घटना के बारे में किसी को बताया तो वह उन्हें जान से मार देगा।

अधिकारी के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा के निर्देश पर भीकनगांव थाने की एक टीम ने घर की तलाशी ली और खुदाई कर शव बरामद किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा

सं, ब्रजेन्द्र रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments