scorecardresearch
Sunday, 17 May, 2026
होमदेशमप्र: दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एसी डिब्बे में रतलाम में लगी आग, सभी 68 यात्री सुरक्षित

मप्र: दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एसी डिब्बे में रतलाम में लगी आग, सभी 68 यात्री सुरक्षित

Text Size:

(तस्वीर सहित)

रतलाम/कोटा, 17 मई (भाषा) तिरुवनंतपुरम से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एक वातानुकूलित (एसी) डिब्बे में मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में रविवार सुबह आग लग गई। रेलवे अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

कोटा मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के बी-1 डिब्बे में सुबह पांच बजकर 15 मिनट पर आग लगी जिसमें 68 यात्री सवार थे। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि यह घटना रेलवे के कोटा मंडल के अंतर्गत विक्रमगढ़ आलोट और लुनीरिछा स्टेशन के बीच हुई।

प्रभावित कोच को तुरंत ट्रेन से अलग कर दिया गया और सुरक्षा के मद्देनजर ‘ओवरहेड’ तार से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई।

कुमार ने बताया कि इसके बाद आग पर काबू पा लिया गया।

कोटा मंडल के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि सभी यात्रियों को ट्रेन से उतार लिया गया और इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

अधिकारी ने बताया कि यात्रियों को राजस्थान के कोटा तक की यात्रा के लिए दूसरे डिब्बे में बैठाने की व्यवस्था की गई है।

अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन के पूर्वाह्न करीब 11 बजे कोटा स्टेशन पहुंचने की उम्मीद है, जहां एक अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा ताकि सभी यात्री सुविधाजनक तरीके से सफर कर सकें।

रतलाम के मंडल रेल प्रबंधक मौके पर पहुंच गए हैं और दुर्घटना राहत ट्रेन भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

भाषा खारी अमित

अमित

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments