scorecardresearch
Friday, 1 May, 2026
होमदेशमप्र क्रूज हादसा: मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हुई, तलाश अभियान जारी

मप्र क्रूज हादसा: मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हुई, तलाश अभियान जारी

Text Size:

(तस्वीरों के साथ जारी)

जबलपुर, एक मई (भाषा) मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में स्थित बरगी बांध में क्रूज नाव पलटने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि बचाव दल ने पांच और शव बरामद किए हैं जिसके बाद मृतक संख्या बढ़कर नौ हो गई।

मध्यप्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘ बृहस्पतिवार को चार शव मिले थे तथा आज तड़के बचाव अभियान के दौरान पांच और शव बरामद किए गए जिससे मृतकों की संख्या नौ हो गई है।’’

उन्होंने बताया कि अब तक 22 लोगों को बचा लिया गया है।

मंत्री ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी और ‘लाइफ जैकेट’ से जुड़े उस मुद्दे की भी जांच होगी जिसे हादसे में जीवित बचे एक व्यक्ति ने उठाया है।

लोधी ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान तेजी से जारी है।

अधिकारियों के अनुसार, बरगी बांध में 29 यात्रियों और दो चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रही एक क्रूज नाव बृहस्पतिवार शाम अचानक आए तूफान के कारण पलट गई थी। यह बांध नर्मदा नदी पर बना हुआ है।

राज्य के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए रातभर अभियान जारी रहा, जिसमें सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम मदद कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि क्रूज को बाहर निकालने के लिए ‘हाइड्रोलिक क्रेन’ का इस्तेमाल किया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवाओं के कारण पानी में लहरें उठने लगीं जिसके बाद कई यात्रियों ने चालक दल से क्रूज किनारे ले जाने की गुहार लगाई लेकिन चालक दल इन आवाजों को सुन नहीं सका और नाव बहकर पलट गई। उन्होंने बताया कि ‘लाइफ जैकेट’ पहने कुछ यात्रियों को स्थानीय लोगों ने रस्सी की मदद से बचाया।

भाषा सं दिमो

सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments