scorecardresearch
Friday, 1 May, 2026
होमदेशमप्र : मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा बस दुर्घटना के पीड़ितों के परिवारों से की मुलाकात

मप्र : मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा बस दुर्घटना के पीड़ितों के परिवारों से की मुलाकात

Text Size:

छिंदवाड़ा, 27 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा का दौरा कर सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों से मुलाकात की और प्रत्येक मृतक के आश्रितों को अतिरिक्त चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

छिंदवाड़ा जिले में बृहस्पतिवार शाम मुख्यमंत्री के एक कार्यक्रम से लौट रही बस की एक पिकअप वाहन से टक्कर हो गई थी। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 31 अन्य घायल हुए, जिनमें चार की हालत गंभीर है।

मुख्यमंत्री ने प्रभावित गांवों में जाकर शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की, उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। इसके बाद उन्होंने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। यादव ने दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश भी दिए।

उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को संबल योजना के तहत चार लाख रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे, जिससे कुल सहायता राशि बढ़कर आठ लाख रुपये हो जाएगी। घायलों को भी आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी और उनके उपचार का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।

मुख्यमंत्री ने त्वरित कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत करने की भी घोषणा की।

उन्होंने कहा, “यह दुर्घटना अत्यंत दुखद है। मध्यप्रदेश सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।”

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट कर मृतकों के परिजनों को चार लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायलों को एक लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की थी।

मृतकों में से पांच करेर गांव के निवासी थे, जहां उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया गया।

भाषा

सं, दिमो रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments