(अनवारुल हक)
चेन्नई, 10 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला बोला और कहा कि ‘मोगैंबो मोदी’ भारतीय लोकतंत्र को नष्ट कर रहे हैं तथा उन्हें ‘देश के खिलाफ किए गए अपराधों’ की कीमत चुकानी होगी।
गांधी ने चेन्नई के आइलैंड ग्राउंड में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी यह समझ नहीं पा रहे हैं कि उनका खेल खत्म हो चुका है।
उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद छात्र-छात्राओं से कहा, “मोदी आपकी जिज्ञासा की बुनियाद को नष्ट कर रहे हैं। वह सीधे लोकतंत्र पर हमला कर रहे हैं। वह वोट चोरी और चुनाव चोरी कर रहे हैं।”
कांग्रेस नेता ने दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी असहमति की आवाजों को दबा रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में पूरा शहर बंद कर दिया गया, इंटरनेट बंद कर दिया गया और पुलिस ने छात्रों की पिटाई की। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भी अपने ‘गुंडों’ के जरिए छात्रों को पिटवाने का आरोप लगाया।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, “समस्या यह है कि मोदी जी यह नहीं समझ रहे हैं कि उनका खेल खत्म हो चुका है। पिछले 15 वर्षों से वह देश में जो नाटक कर रहे हैं, वह अब समाप्त होने वाला है।”
राहुल ने आरोप लगाया, ‘मोगैंबो मोदी’ लोकतंत्र को नष्ट कर रहे हैं।’
‘मोगैंबो’ 1987 में आई मशहूर हिंदी फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ के खलनायक के किरदार का नाम है जिसे अमरीश पुरी ने निभाया था।
राहुल गांधी के संबोधन के दौरान वहां स्क्रीन पर ‘मोगैंबो खुश हुआ’ संवाद वाला का वीडियो प्ले किया गया है जिसमें अमरीश पुरी के चेहरे पर प्रधानमंत्री का चेहरा लगाया गया था।
राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत घिर चुके हैं।
उन्होंने कहा, “हम यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रधानमंत्री मोदी को इस देश के खिलाफ किए गए अपराधों की कीमत चुकानी पड़े। कोई भी भारत की लोकतांत्रिक बुनियाद और संविधान पर हमला करके बच नहीं सकता। इससे फर्क नहीं पड़ता कि वह कौन है, प्रधानमंत्री है या गृह मंत्री। उन्होंने जो किया है, उसके लिए हम इन लोगों को न्याय के कटघरे में लाएंगे।”
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी पर अंतरराष्ट्रीय ताकतों का प्रभाव है और वे उन्हें नियंत्रित करती हैं। उन्होंने कहा कि मोदी अपनी राजनीतिक सत्ता बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं तथा देश में छात्रों के बीच मौजूदा माहौल और विपक्ष का अभियान उनके खिलाफ जा रहा है।
उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चुनावों में धांधली के आरोप को दोहराया।
उन्होंने छात्रों से कहा, “आपको किसी चीज से डरने की जरूरत नहीं है। हम आपके साथ हैं और यह सुनिश्चित करेंगे कि भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करने वालों को न्याय के कटघरे में लाया जाए।”
राहुल गांधी ने कहा, “दुनिया की कोई ताकत मोदी को न्याय का सामना करने से नहीं रोक सकती। मैं इसकी गारंटी देता हूं।”
उन्होंने दिल्ली के छात्रों से अपने विश्वास के लिए डटे रहने और सवाल पूछना कभी बंद नहीं करने की अपील की।
गांधी ने कहा, “आप जिस चीज में विश्वास करते हैं, उसके लिए खड़े हों और कभी सवाल पूछना बंद न करें।”
भाषा हक नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.