scorecardresearch
Saturday, 14 November, 2026
होमदेशमोदी ने मेरा टिकट खरीदने के लिए अपना मेट्रो स्मार्ट कार्ड 'स्वाइप' किया था: शिवकुमार

मोदी ने मेरा टिकट खरीदने के लिए अपना मेट्रो स्मार्ट कार्ड ‘स्वाइप’ किया था: शिवकुमार

Text Size:

बेंगलुरु, 14 नवंबर (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अपने स्मार्ट कार्ड को ‘स्वाइप’ करके मेट्रो टिकट खरीदने का एक किस्सा सुनाया और कहा कि नवउद्घाटित पिंक लाइन मेट्रो में यात्रा करते समय उनके पास पैसे नहीं थे।

शिवकुमार ने पिंक लाइन मेट्रो में पत्रकारों के साथ यात्रा करते हुए कहा, ‘‘मेरे पास पैसे नहीं थे। इसलिए मैंने उनसे कहा कि आप मेरा टिकट खरीद दीजिए। उन्होंने मेरे लिए भी अपना कार्ड ‘स्वाइप’ किया।’’ मोदी ने 13 नवंबर को इसका उद्घाटन किया था।

बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीएमआरसीएल) की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, शिवकुमार ने केंगेरी से किदवई मेमोरियल इंस्टीट्यूट ऑफ ऑन्कोलॉजी तक की यात्रा के तहत मेट्रो में सफर किया। मोदी ने 13 नवंबर को इस मेट्रो लाइन का उद्घाटन किया था।

बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन करने के बाद मोदी ने शुक्रवार को शिवकुमार, बेंगलुरु विकास मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा और भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या के साथ मेट्रो में यात्रा की थी।

प्रधानमंत्री के हावभाव और उद्घाटन के दौरान हुई उनकी सौहार्दपूर्ण बातचीत के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय हित में विकास और सहयोग के मार्ग में राजनीतिक मतभेद बाधक नहीं बनने चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘देखिए, हम सभी को देश के हित में मिलकर काम करना होगा। मैंने कल भी कहा था कि राजनीति चुनाव लड़ने तक सीमित रहनी चाहिए। राजनीति की बात हो तो राजनीति करें। क्या विकास और राजनीति के बीच अंतर नहीं होना चाहिए? वह चाहते हैं कि विकास हो।’

राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था और कार्यबल में कर्नाटक के योगदान का उल्लेख करते हुए शिवकुमार ने कहा कि राज्य देश में दूसरा सबसे अधिक कर और जीएसटी देने वाला राज्य है।

उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक के बिना विकास कैसे हो सकता है? हम हर साल डेढ़ लाख इंजीनियर और 13,940 चिकित्सक तैयार करते हैं। हम नर्सिंग कर्मचारियों और विभिन्न अन्य क्षेत्रों के पेशेवरों को भी तैयार करते हैं। ये सभी लोग कहां जाते हैं? वे देश के अलग-अलग हिस्सों में योगदान देते हैं। इसलिए, कर्नाटक के विकास से ही भारत का विकास होगा।’’

मैसूरु तक हेलीकॉप्टर से यात्रा सहित मोदी के साथ हुई बातचीत के बारे में पूछे जाने पर शिवकुमार ने यह बताने से इनकार कर दिया कि उनके बीच क्या चर्चा हुई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं ये सारी बातें सार्वजनिक नहीं कर सकता।’’ उन्होंने अपने संबंधों को ‘मानवीय रिश्तों और आपसी सम्मान’ पर आधारित बताया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे भी उनके साथ स्नेह और सम्मान से पेश आते हैं।

शिवकुमार ने कहा, ‘हर किसी में नेतृत्व के समान गुण नहीं होते। कुछ लोग खुद को पीछे रखते हैं। मैं ऐसा नहीं हूं। मैं पहल करता हूं, आगे बढ़ता हूं और अपने विचार व्यक्त करता हूं।’

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments