scorecardresearch
Sunday, 11 October, 2026
होमदेशमोदी ने चेन्नई मेट्रो के पूनामल्ली-वडापलानी खंड का किया उद्घाटन, मुख्यमंत्री विजय संग सफर किया

मोदी ने चेन्नई मेट्रो के पूनामल्ली-वडापलानी खंड का किया उद्घाटन, मुख्यमंत्री विजय संग सफर किया

Text Size:

चेन्नई, 11 अक्टूबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के तहत लगभग 4,900 करोड़ रुपये की लागत से बने पूनामल्ली-वडापलानी खंड का उद्घाटन किया और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के साथ मेट्रो ट्रेन में सवारी की।

प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर की मौजूदगी में नयी मेट्रो सेवाओं को हरी झंडी दिखाई और ट्रेन में सफर किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने टिकट खरीदा और टिकट काउंटर पर तैनात कर्मचारी से संक्षिप्त बातचीत भी की।

ये नयी मेट्रो सेवाएं मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के कॉरिडोर-चार के तहत संचालित होंगी।

लगभग 15 किलोमीटर के नवनिर्मित खंड में कुल 11 एलिवेटेड स्टेशन हैं।

इस नए कॉरिडोर पर 3.7 किलोमीटर लंबा एक अनोखा ‘डबल-डेकर’ ढांचा तैयार किया गया है। इसमें चालक के बिना मेट्रो ट्रेनें चलाने के लिए आधुनिक सिग्नल प्रणाली भी लगाई गई है।

इस नए कॉरिडोर के शुरू होने से यात्रियों के सफर का समय कम होगा और तेजी से विकसित हो रहे पश्चिमी उपनगरों से चेन्नई के मुख्य हिस्से में आना-जाना आसान होगा।

चेन्नई मेट्रो रेल के अनुसार, इस खंड पर आम यात्रियों के लिए नियमित सेवाएं रविवार शाम चार बजे से शुरू होंगी और रात नौ बजे तक दोनों दिशाओं में ट्रेनें चलेंगी।

इसने बताया कि 12 अक्टूबर से इस मार्ग पर नियमित सेवाएं सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक उपलब्ध रहेंगी।

मेट्रो की इस नयी ‘येलो लाइन’ पर पूनामल्ली बाईपास, पूनामल्ली बस अड्डा, पूनामल्ली राजकीय अस्पताल, करयांचवडी, कुमनानचवडी, कट्टुपक्कम, अय्यप्पनथंगल, थेल्लियारगरम, पोरूर बाईपास, पोरूर चौक और वडापलानी स्टेशन हैं।

भाषा खारी सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments