नयी दिल्ली, 24 नवंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को सिखों के प्रथम गुरु, गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर सभी को शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनकी शाश्वत शिक्षाएं मानवता का मार्गदर्शन करती रहेंगी।
मोदी ने कहा कि गुरु नानक देव लोगों को सादगी, सद्भाव और दूसरों के कल्याण के प्रति समर्पण का भाव अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
मोदी ने सोशल मीडिया पर एक संदेश में कहा, ‘‘श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। उनकी शाश्वत शिक्षाएं मानवता का मार्गदर्शन करती रहेंगी। उनका संदेश हमें दया, एकता और सभी के कल्याण पर आधारित समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करे।’’
गुरु नानक देव की जयंती यानी प्रकाश पर्व मंगलवार को मनाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि गुरु का अनमोल संदेश न केवल भारत के लिए बल्कि पूरे विश्व के लिए प्रेरणादायक और प्रासंगिक बना हुआ है।
उन्होंने कहा, ‘‘गुरु नानक जी ने हमेशा समस्त मानवता के कल्याण के बारे में सोचा। उन्होंने समाज को सत्य, कर्म, सेवा, करुणा और मित्रता का मार्ग दिखाया।’’
मोदी ने कहा कि गुरु नानक देव द्वारा दी गई निस्वार्थ सेवा और परोपकार की शिक्षाओं का दुनिया भर में सिख समुदाय के लोग पालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं श्री गुरु नानक देव जी के चरणों में शीश झुकाकर नमन करता हूं।’’
प्रधानमंत्री ने सोमवार को दिल्ली राज निवास में प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर शबद कीर्तन में भाग लिया। उन्होंने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका, शबद कीर्तन सुना और वहां उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
भाषा सुरभि वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.