scorecardresearch
Sunday, 11 October, 2026
होमदेशहैदराबाद मैं 20 लाख रुपये की फिरौती के लिए फोन आने के बाद लापता बच्ची मृत मिली

हैदराबाद मैं 20 लाख रुपये की फिरौती के लिए फोन आने के बाद लापता बच्ची मृत मिली

Text Size:

हैदराबाद, 11 अक्टूबर (भाषा) हैदराबाद के एक आवासीय परिसर से एक दिन पहले लापता हुई पांच साल की बच्ची रविवार को कोवकूर इलाके में मृत पाई गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

बच्ची के दादा और पिता को उसे सौंपने के बदले 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने के लिए फोन आए थे।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इलाके के क्लब हाउस के तहखाने में बने पानी के एक खुले टैंक में नाबालिग लड़की का शव तड़के मिला।

अधिकारी ने बताया, ‘बच्ची शनिवार शाम कॉलोनी में खेलने के लिए निकली थी। शाम करीब सात बजकर 45 मिनट पर उसके दादा को एक फोन आया। फोन करने वाले ने 20 लाख रुपये देने और अपनी पोती को ले जाने को कहा। उसने बच्ची के दादा को त्रिमुलघेरी आने के लिए कहा। इसी बीच, बच्ची के पिता को भी फोन करके यही मांग की गई।’

परिवार के सदस्यों ने आवासीय परिसर के विला में बच्ची की तलाश की, लेकिन उसके नहीं मिलने पर पुलिस से संपर्क किया।

पुलिस ने तलाश के बाद रविवार देर रात करीब एक बजकर 30 मिनट पर बच्ची का शव बरामद किया।

प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस अधिकारी ने बताया कि आवासीय परिसर में काम करने वाला एक चौकीदार फरार है, जिसके अपहरण और हत्या के पीछे होने का संदेह है।

पुलिस ने बताया कि उसे पकड़ने के लिए कई टीम गठित की गई हैं।

इस संबंध में बोल्लारम थाने में मामला दर्ज किया गया है।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments