नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में नवरात्र के अवसर पर महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण की मिसाल बनीं मिशन शक्ति सेल प्रभारी उप निरीक्षक समीक्षा ठाकुर आधी आबादी को सुरक्षित माहौल देने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं. मेरठ के पांची गांव की रहने वाली समीक्षा 30 जून 2019 को पुलिस सेवा में शामिल हुई थीं.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत उनकी टीम गांवों और कस्बों में बहू-बेटी सम्मेलन और चौपाल आयोजित कर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रही है. स्कूल-कॉलेजों में शिकायत पेटिकाएं लगाई गई हैं और छात्राओं को महिला बीट अधिकारियों के संपर्क नंबर उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
जिले के सभी 20 थानों में एंटी रोमियो स्क्वाड और मिशन शक्ति केंद्र सक्रिय हैं. स्कूलों, कोचिंग संस्थानों और बाजारों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं.
समीक्षा की टीम जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और लापता बच्चों की तलाश में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. मिशन शक्ति केंद्र पर पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं की काउंसिलिंग कर उन्हें मानसिक और कानूनी सहायता दिलाई जाती है.
समीक्षा का संदेश है कि हर बेटी बिना भय अपने सपने पूरे करे. महिला सुरक्षा और सम्मान के लिए पुलिस हर समय तत्पर है.