नयी दिल्ली, 16 मई (भाषा) दिल्ली के नरेला इलाके में 17 वर्षीय एक लड़के के जन्मदिन पर उसके दोस्त ने कथित तौर पर चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम को कुरैनी गांव में हुई। घटना से पहले आरोपी का पीड़ित से झगड़ा हुआ था।
सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार शाम को घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जहां पीड़ित लड़का खून से लथपथ हालत में मिला, उसकी गर्दन के पिछले हिस्से में चाकू से हमले के घाव थे।
उन्होंने बताया कि पीड़ित को तुरंत सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में लेकर अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल चाकू बरामद किया।
भाषा
प्रचेता प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.