मचवाराम (आंध्र प्रदेश), 26 अक्टूबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के डॉ. बी.आर. आंबेडकर कोनसीमा जिले में सोमवार को ओएनजीसी की पाइपलाइन से हुए गैस रिसाव पर काबू पा लिया गया। ओएनजीसी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे अंबाजीपेटा मंडल के मचवाराम गांव में गैस का रिसाव हुआ।
अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “पाइपलाइन के एक कनेक्शन में गैस का थोड़ा रिसाव हुआ था। हमने कुएं को बंद कर दिया है और उस कनेक्शन की मरम्मत का काम जारी है। सब कुछ नियंत्रण में है।”
सावधानी के तौर पर प्रभावित इलाके की घेराबंदी कर दी गई।
अधिकारी ने बताया कि अग्निशमन दल ओएनजीसी की कई टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थीं।
इस बीच, कोनसीमा जिले के कलेक्टर महेश कुमार रविराला ने एक बयान जारी कर कहा कि मचवाराम में गैस रिसाव की घटना को लेकर लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सतर्क है और एहतियात के तौर पर दमकल की गाड़ियां तैयार रखी गई हैं।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.