scorecardresearch
Sunday, 18 October, 2026
होमदेशसिक्किम के राज्यपाल के रूप में माथुर का कार्यकाल कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा : मुख्यमंत्री

सिक्किम के राज्यपाल के रूप में माथुर का कार्यकाल कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा : मुख्यमंत्री

Text Size:

(मुख्यमंत्री के फाइल फोटो के साथ)

गंगटोक, 18 अक्टूबर (भाषा) सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने निवर्तमान राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर के गरिमापूर्ण नेतृत्व और संवैधानिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के साथ उनका जुड़ाव कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी बना रहेगा।

माथुर ने 31 जुलाई, 2024 को सिक्किम के 18वें राज्यपाल के रूप में पदभार संभाला था। उन्हें केरलम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। दुष्यंत गौतम सिक्किम के नए राज्यपाल के रूप में सोमवार को शपथ लेंगे।

तमांग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि राज्य के लिए माथुर के योगदान को सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने जिस गरिमा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं, संवैधानिक मूल्यों के प्रति जो प्रतिबद्धता दिखाई और राज्य के लिए जो योगदान दिया, उससे राज्य के विकास और लोगों के कल्याण में काफी मदद मिली है। उनके कार्यकाल को सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा।’’

तमांग ने अपने विदाई संदेश में राज्य के लोगों के प्रति माथुर के स्नेह, वंचित वर्गों के लिए उनकी चिंता और सिक्किम की स्वर्ण जयंती के आयोजनों के दौरान उनके मार्गदर्शन का भी उल्लेख किया।

उन्होंने माथुर को केवल राज्य का संवैधानिक प्रमुख ही नहीं, बल्कि एक मार्गदर्शक और शुभचिंतक भी बताया तथा कहा कि सिक्किम के साथ उनका जुड़ाव कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी बना रहेगा।

तमांग ने माथुर को उनकी नयी जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और गौतम का स्वागत किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि गौतम का कार्यकाल राज्य की प्रगति में योगदान देगा।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्यपालों के फेरबदल के तहत 12 अक्टूबर को गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया था।

भाषा सिम्मी नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments