मुंबई, 25 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र पुलिस ने मुंबई स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में आत्महत्या करने वाले छात्र साहिल वाकोड़े की याद में रविवार को कैंडल मार्च निकालने पर हास्य कलाकार मासूम राजवानी समेत कई लोगों को हिरासत में लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि शिवाजी पार्क और चैत्यभूमि से कुल 140 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया।
उन्होंने बताया कि शिवाजी पार्क में बिना अनुमति के ‘आदिवासी जेन जी’ प्रदर्शन के लिए एकत्र हुए करीब 120 लोगों को हिरासत में लेकर स्थानीय थाने ले जाया गया।
अधिकारी के मुताबिक, दादर स्थित चैत्यभूमि में वाकोड़े की याद में बिना अनुमति के कैंडल मार्च निकालने के लिए एकत्र हुए 20 से 25 लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
चैत्यभूमि भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पकार डॉ. बी. आर. आंबेडकर का समाधि स्थल है।
पुलिस ने बताया कि चैत्यभूमि से हिरासत में लिए गए लोगों में स्टैंड-अप कॉमेडियन मासूम राजवानी और अन्य लोग शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, इन आयोजनों के लिए जरूरी अनुमति नहीं ली गई थी और इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
अधिकारी ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई से पहले आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया जारी है।
भाषा जितेंद्र शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.