नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को दावा किया कि पेरिस से लौटने के दौरान दिल्ली हवाई अड्डे पर कथित तौर पर रोके गए मुख्यमंत्री भगवंत मान के पास अघोषित महंगे जूते, आभूषण, डिजाइनर सूट और इत्र मिले थे।
भाजपा ने इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) पर खुद को पीड़ित दिखाने का आरोप लगाया।
आम आदमी पार्टी ने रविवार को आरोप लगाया था कि पंजाब के मुख्यमंत्री मान को दिल्ली हवाई अड्डे पर तीन घंटे तक रोका गया और उन पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पार्टी ने दावा किया था कि अधिकारियों ने इस कार्रवाई के लिए ‘‘ऊपर से भारी दबाव’’ होने की बात कही थी।
हालांकि, ‘आप’ ने यह नहीं बताया था कि मान को क्यों रोका गया या उन पर जुर्माना क्यों लगाया गया।
आम आदमी पार्टी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा, ‘‘भगवंत मान छुट्टियां मनाने पेरिस गए थे। वह अपने साथ ढाई लाख रुपये के जूते, अपनी पत्नी के लिए लाखों रुपये के सूट और महंगे इत्र लाए थे, जिनकी उन्होंने सीमा शुल्क विभाग को जानकारी नहीं दी।’’
भंडारी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘जब सीमा शुल्क विभाग ने उनकी चोरी पकड़ ली, तो अब वे खुद को पीड़ित दिखाने की कोशिश कर रहे हैं।’’
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘जब आप आम आदमी पार्टी के लोगों की तरह चोरी करते हैं, तो उसका पकड़ा जाना तय है।’’
भाजपा के आरोपों पर मान या आम आदमी पार्टी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
भाषा शफीक अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.