scorecardresearch
Thursday, 20 August, 2026
होमदेशआय से कहीं ज़्यादा 20 करोड़ रुपये मैनेज किए: पिनाराई की बेटी वीना के खिलाफ ED के नए आरोप

आय से कहीं ज़्यादा 20 करोड़ रुपये मैनेज किए: पिनाराई की बेटी वीना के खिलाफ ED के नए आरोप

केरल की माइनिंग कंपनी कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड और उनकी बंद हो चुकी कंसल्टेंसी फर्म एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में वीणा जांच के घेरे में हैं.

Text Size:

नई दिल्ली: केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की बेटी वीणा टी. करीब 20 करोड़ रुपये के फंड संभाल रही थीं, जो उनकी कानूनी और घोषित आय के स्रोतों से बहुत ज्यादा था. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को यह आरोप लगाया. एजेंसी के एक प्रवक्ता ने कहा कि एजेंसी ने इस आकलन को इस साल मई में वीणा के ठिकानों पर तलाशी के दौरान बरामद उनके हाथ से लिखे नोट्स की जांच के आधार पर किया है. यह जांच केरल की माइनिंग कंपनी कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) और वीणा की बंद हो चुकी कंसल्टेंसी फर्म एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस से जुड़ी जारी मनी लॉन्ड्रिंग जांच का हिस्सा है.

इन 20 करोड़ रुपये में से 3.49 लाख एईडी को अवैध तरीके से दुबई भेजा गया था, जो भारतीय मुद्रा में करीब 85 लाख रुपये है. एजेंसी के प्रवक्ता ने आगे यह जानकारी दी.

ईडी ने कहा कि उसे ये जानकारियां मई में वीणा के घर से मिले नोट्स में मिलीं. उस समय एजेंसी ने केरल में 10 ठिकानों पर कार्रवाई की थी, जिनमें विजयन और वीणा से जुड़े ठिकाने भी शामिल थे. एजेंसी ने मंगलवार और बुधवार को उन लोगों के ठिकानों पर फिर से छापेमारी की, जिनका नाम वीणा के कथित नोट्स में लिखा हुआ था.

एजेंसी की मनी लॉन्ड्रिंग जांच की शुरुआत गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (SFIO) की उस जांच से हुई, जिसमें सीएमआरएल पर पिछले 15 साल से कथित भ्रष्ट काम करने के आरोपों की जांच की गई थी. केरल की एक स्थानीय अदालत में दायर अपनी शिकायत में SFIO ने आरोप लगाया कि सीएमआरएल ने 15 साल में 182 करोड़ रुपये के फर्जी नकद खर्च दिखाए, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर अलग-अलग लोगों को रिश्वत देने के लिए किया गया. इन फर्जी खर्चों में से एक वीणा की वन-पर्सन कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड को 2.78 करोड़ रुपये का भुगतान था, जिसे कथित तौर पर आईटी परामर्श सेवाओं के नाम पर दिया गया था.

एजेंसी के प्रवक्ता ने बुधवार को कहा, “इससे पहले ED ने 27-05-2026 को श्रीमती वीणा और सीएमआरएल के प्रमोटरों के ठिकानों पर तलाशी ली थी. इस तलाशी के दौरान ईडी को श्रीमती वीणा की ओर से रखे गए हाथ से लिखे कुछ हिसाब मिले. इन हाथ से लिखे नोट्स में लोगों के नाम, संभाली या खर्च की गई रकम, दुबई भेजी गई रकम आदि की जानकारी थी. इन हिसाबों में ‘AED’ (दुबई की मुद्रा) और भारतीय रुपये में संभाली गई रकम की जानकारी भी थी.”

एजेंसी के प्रवक्ता ने आगे कहा, “नोट्स के अनुसार दुबई भेजी गई रकम करीब 3.49 लाख AED (करीब 85 लाख रुपये के बराबर) है. भारतीय रुपये में रखे गए हिसाब में करीब 20.05 करोड़ रुपये (लगभग) की रकम है. ईडी ने ये हाथ से लिखे हिसाब जब्त कर लिए हैं.”

ईडी ने साफ किया कि इन नोट्स में बताई गई रकम सीएमआरएल से मिली कथित रिश्वत के अलावा थी और इन जानकारियों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा, एजेंसी ने आरोप लगाया कि उसे हवाला चैनलों के जरिए पैसे भेजे जाने के सबूत भी मिले हैं.

एजेंसी ने कथित तौर पर डिजिटल डिवाइस भी जब्त किए, जिनमें उनके सिम कार्ड की तस्वीर मिली. एजेंसी का दावा है कि यह सिम किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर जारी कराया गया था और Wi-Fi राउटर में इस्तेमाल किया जा रहा था. एजेंसी के प्रवक्ता ने कहा, “ऐसा शक है कि उन्होंने सिम और Wi-Fi राउटर किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर लिया था, ताकि इसका इस्तेमाल इंटरनेट के जरिए होने वाली कॉल के लिए बातचीत करने में किया जा सके.”

दिप्रिंट ने सीपीआई (एम) नेता और वीणा के पति पी.ए. मोहम्मद रियास से फोन और WhatsApp मैसेज के जरिए संपर्क किया. जवाब मिलने पर इस रिपोर्ट को अपडेट किया जाएगा.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: दिल्ली जल बोर्ड जांच: ACB ने सत्येंद्र जैन से जुड़ी फर्म और कमीशन एजेंट के बीच मनी ट्रेल का पता लगाया


 

share & View comments