scorecardresearch
Sunday, 3 May, 2026
होमदेशअहमदाबाद में पारिवारिक विवाद को लेकर एक व्यक्ति की हत्या की; आरोपी फरार

अहमदाबाद में पारिवारिक विवाद को लेकर एक व्यक्ति की हत्या की; आरोपी फरार

Text Size:

अहमदाबाद, तीन मई (भाषा) गुजरात के अहमदाबाद शहर में पारिवारिक विवाद को लेकर हुए एक क्रूर हमले में कथित तौर पर चार लोगों ने 52 वर्षीय एक व्यक्ति की हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि राजीव नगर निवासी पीड़ित नटुभाई परमार पर शनिवार रात करीब 8.30 बजे जीवराज ब्रिज के पास लाठियों और पाइप से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि परमार को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

आनंदनगर पुलिस थाने के निरीक्षक आर एस परमार ने बताया कि आरोपी कानू उर्फ ​​कांति उर्फ ​​लेली, हसमुख, केतन धुलाजी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या के लिए सजा) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह हमला पारिवारिक विवाद के कारण हुआ था।

परमार के बेटे की शादी आरोपियों में से एक की रिश्तेदार महिला से हुई थी, और वैवाहिक विवाद के कारण वह अपने माता-पिता के घर लौट आई थी। उन्होंने बताया कि यह हमला दोनों परिवारों के बीच चल रहे तनाव का नतीजा था।

अधिकारी ने बताया कि फरार आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

भाषा तान्या दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments