scorecardresearch
Saturday, 16 May, 2026
होमदेशबंगाल के मुख्यमंत्री पर आत्मघाती हमला करने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

बंगाल के मुख्यमंत्री पर आत्मघाती हमला करने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

Text Size:

कोलकाता, 16 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर ”आतंकवादी संगठन अल-कायदा की मदद से” आत्मघाती बम हमला करने की धमकी देने के आरोप में कोलकाता के गार्डन रीच इलाके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

कोलकाता पुलिस के साइबर प्रकोष्ठ और विशेष कार्यबल (एसटीएफ) द्वारा की गई संयुक्त जांच के बाद शुक्रवार रात को 27 वर्षीय हसनैन इकबाल को गिरफ्तार कर लिया गया।

कोलकाता पुलिस के अतिरिक्त सीपी-4 सोलोमन नेसाकुमार ने कहा कि 14 मई को पूर्वाह्न 10:15 बजे भवानीपुर थाने को ईमेल के जरिये यह धमकी मिली।

ईमेल भेजने वाले व्यक्ति ने दावा किया कि अल कायदा की मदद से मुख्यमंत्री पर आत्मघाती हमला किया जाएगा।

नेसाकुमार ने पत्रकारों से कहा, “महिला की पहचान का इस्तेमाल कर यह ईमेल भेजा गया। शिकायत मिलने के बाद साइबर विंग और एसटीएफ ने तुरंत जांच शुरू की।”

जांच के दौरान जांचकर्ताओं को पता चला कि ईमेल गार्डन रीच के गुलाम अब्बास लेन में रहने वाले हसनैन इकबाल ने भेजा।

पुलिस ने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने ईमेल भेजने की बात स्वीकार की।

नेसाकुमार ने कहा, “प्रारंभिक जांच के दौरान पता चला कि जिस महिला के नाम से ईमेल भेजा गया वह आरोपी की परिचित है। हमें लगता है कि महिला को परेशान करने और उसके परिवार को फंसाने के लिए ऐसा किया गया।”

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांचकर्ताओं को यह भी पता चला है कि आरोपी ने इससे पहले कथित तौर पर चुनाव आयोग सहित कई सरकारी संस्थानों को ईमेल भेजे थे।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments