नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश सरकार परिषदीय विद्यालयों में विज्ञान शिक्षा को प्रयोग और अनुभव आधारित बनाने पर जोर दे रही है. इसी कड़ी में 38 जिलों के सरकारी स्कूलों में 9,356 साइंस किटों की आपूर्ति की गई है. सरकार का कहना है कि इससे गांव और गरीब परिवारों के बच्चों को भी आधुनिक और व्यावहारिक शिक्षा मिल सकेगी.
गोंडा, शाहजहांपुर, आगरा, उन्नाव, बुलंदशहर और अलीगढ़ समेत कई जिलों में बड़ी संख्या में साइंस किटें भेजी गई हैं. लखीमपुर खीरी और सीतापुर में सबसे अधिक किटों की आपूर्ति हुई है.
सरकार पहले से मिशन प्रेरणा, निपुण भारत मिशन, स्मार्ट क्लास और स्कूल कायाकल्प जैसे अभियानों के जरिए सरकारी स्कूलों को आधुनिक बनाने पर काम कर रही है. अब साइंस किटों के जरिए बच्चों को कक्षा में ही प्रयोग आधारित शिक्षण का अवसर मिलेगा.
आईआईटी गांधीनगर के सहयोग से उपलब्ध कराई गई इन किटों से बच्चों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार क्षमता बढ़ाने की उम्मीद जताई जा रही है.