नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश सरकार अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान और बढ़े हुए मानदेय वितरण को लेकर 17 मई को पूरे प्रदेश में विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी. राजधानी लखनऊ के लोकभवन सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्यस्तरीय समारोह का शुभारंभ करेंगे. कार्यक्रम शाम 4 बजे से शुरू होगा.
सरकार ने पहले जारी शासनादेश के तहत अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि की थी, जिसे 1 अप्रैल 2026 से लागू किया गया है. इसी के तहत प्रदेशभर में प्रतीकात्मक चेक वितरण कार्यक्रम होंगे.
बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सभी जिलाधिकारियों को कार्यक्रम के आयोजन के निर्देश दिए हैं. जिलों में प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे.
कार्यक्रमों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी और बड़ी संख्या में शिक्षकों व आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.