नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में दो युवकों की चाकू घोंपकर हत्या करने की कोशिश के आरोप में तीन नाबालिगों समेत पांच लोगों को पकड़ा है। पुलिस के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे ज्योति नगर थाने में चाकूबाजी की घटना की सूचना मिली जिसके बाद पुलिस की एक टीम कर्दमपुरी स्थित घटनास्थल पहुंची तो पता चला कि स्थानीय लोग घायलों को पहले ही गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल ले जा चुके हैं।
अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में हुसैन (18) एवं रहमान (19) उपचाराधीन मिले और पूछताछ के दौरान हुसैन ने बताया कि रहमान एवं कर्दमपुरी निवासी साजिद के बीच किसी बात को लेकर विवाद था।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरदीन (19) और काशिफ (19) के रूप में की गई है जबकि 16 वर्ष उम्र के तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।
उन्होंने बताया कि बुधवार को हुसैन, रहमान और एक अन्य व्यक्ति विवाद सुलझाने के लिए कर्दमपुरी आए थे और बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इसी दौरान रहमान ने साजिद को कथित तौर पर थप्पड़ मार दिया जिसके बाद साजिद और उसके साथियों ने हुसैन और रहमान पर कथित तौर पर चाकुओं से हमला कर दिया जिससे दोनों घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि अपराध टीम और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा मामले से जुड़े साक्ष्य कब्जे में लिए। इसके बाद ज्योति नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 109(1) (हत्या की कोशिश) समेत अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दी गई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस टीम ने दो आरोपियों फरदीन और काशिफ को गिरफ्तार कर लिया जबकि तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से चार चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.