scorecardresearch
Wednesday, 29 July, 2026
होमदेशममता ने निर्वाचन आयोग से ‘तृणमूल कांग्रेस से जुड़े विवाद’ को जल्द सुलझाने का आग्रह किया

ममता ने निर्वाचन आयोग से ‘तृणमूल कांग्रेस से जुड़े विवाद’ को जल्द सुलझाने का आग्रह किया

Text Size:

कोलकाता, 29 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को निर्वाचन आयोग से आग्रह किया कि वह विरोधी गुट को और समय दिए बिना तृणमूल कांग्रेस पर दावेदारी को लेकर जारी विवाद की जांच जल्द पूरी करे।

निर्वाचन आयोग के सचिव अश्विनी कुमार मोहल को बुधवार को लिखे पत्र में ममता ने अनुरोध किया कि आयोग ‘‘तृणमूल कांग्रेस पर दावेदारी को लेकर जारी जांच को जल्द से जल्द पूरा करे और विरोधी गुट को अपनी दलीलें पेश करने के लिए कोई और तारीख न दे।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘चूंकि यह मामला पश्चिम बंगाल में गंभीर राजनीतिक प्रभाव डालने वाला है, इसलिए मैं आपसे अनुरोध करती हूं कि जांच जल्द से जल्द पूरा करें और उन्हें (विरोधी गुट) अपनी दलीलें पेश करने के लिए कोई और तारीख न दें।’’

ममता ने दावा किया कि आयोग द्वारा बार-बार अतिरिक्त समय दिए जाने के बावजूद विरोधी गुट जवाब दाखिल नहीं कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘इससे यह निष्कर्ष निकाला जा सकता है कि छह जुलाई 2026 के पत्र में हमने जो भी दलीलें और बयान दिए हैं, उन्हें मान लिया गया है और उनके पास हमारी दलीलों का कोई जवाब नहीं है।’’

ममता ने आरोप लगाया कि विरोधी गुट बार-बार दिए जा रहे अतिरिक्त समय का दुरुपयोग कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा दृढ़ विश्वास है कि आपके द्वारा बार-बार अतिरिक्त समय दिए जाने के कारण ऋतब्रत बनर्जी और अन्य लोग अपने मामले को मजबूत करने के लिए झूठे सबूत गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि उनके आरोपों में कोई दम नहीं है और हमने उनका दृढ़ता से खंडन किया है।’’

भाषा सुरभि पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments