नई दिल्ली: गिरफ्तार किए गए फ्लोरिश स्टेज़ के मालिक लवकेश बजाज ने दावा किया है कि वह मालवीय नगर के उस गेस्ट हाउस के रोज़मर्रा के संचालन की निगरानी नहीं करता था, जहां भीषण आग में 21 लोगों की मौत हो गई थी. दिप्रिंट को यह जानकारी मिली है.
पुलिस अब जय मिश्रा की तलाश कर रही है, जिसे बजाज ने मालवीय नगर के हौज रानी स्थित बेड एंड ब्रेकफास्ट (B&B) का ‘अकाउंट मैनेजर’ बताया है.
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दिप्रिंट को बताया कि पूछताछ के दौरान बजाज ने कहा कि वह इस प्रतिष्ठान के संचालन में बहुत कम शामिल रहता था. अधिकारी ने कहा, “मालिक ने बताया कि यह जगह जय मिश्रा के नाम पर रजिस्टर्ड थी और B&B के विस्तार का सुझाव भी उसी ने दिया था.”
गेस्ट हाउस के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज़ की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि B&B लाइसेंस के लिए आवेदन करते समय बजाज ने संपत्ति को मिश्रा की बताई थी. अधिकारी ने कहा, “दस्तावेज़ में दिखाया गया है कि B&B का मालिक जय मिश्रा था, जो वहीं रहता था और अपने घर को B&B में बदलने की अनुमति मांग रहा था.”
दिल्ली की B&B योजना के तहत घरों के मालिक अपने घरों को कानूनी पर्यटक आवास के रूप में रजिस्टर करा सकते हैं. B&B के लाइसेंस दिल्ली पर्यटन विभाग द्वारा जारी किए जाते हैं.
एक पर्यटन अधिकारी के अनुसार, कानूनी स्वामित्व प्रमाण या लीज़ दस्तावेज़ रखने वाला कोई भी व्यक्ति कम से कम एक कमरे से लेकर छह डबल बेडरूम तक के लिए B&B के रूप में पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकता है. इसके लिए पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और संपत्ति के स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज़ ऑनलाइन जमा करने होते हैं.
अधिकारी ने बताया, “इसके बाद हमें पुलिस सत्यापन प्रमाणपत्र, संपत्ति से संबंधित स्व-घोषणा हलफनामा, अग्नि सुरक्षा एनओसी और नजदीकी डॉक्टर या अस्पताल के साथ समझौते का प्रमाण चाहिए होता है.”
यह भी पता चला है कि बजाज ने स्वीकार किया कि इस परिसर के पास अग्निशमन विभाग की एनओसी नहीं थी. पुलिस सूत्रों के अनुसार, बजाज ने यह संपत्ति 2022 में खरीदी थी.
दिल्ली पुलिस अब बिजली विभाग और अन्य एजेंसियों के रिकॉर्ड की जांच कर रही है, ताकि परिसर से जुड़े अनुमोदन, अनुमति और नियमों के पालन की स्थिति का पता लगाया जा सके. बजाज से जुड़ी कई संपत्तियों के स्वामित्व और नियंत्रण की भी व्यापक जांच की जा रही है.
इस बीच, बजाज को अदालत में पेश किया जाएगा. पुलिस उसके दावों की जांच करने और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका पता करने के लिए उसकी हिरासत मांगेगी.
12 घंटे तक चली तलाश के बाद गिरफ्तार किया गया बजाज आग लगने की खबर मिलने के बाद साकेत स्थित अपने घर से फरार हो गया था. उसे बुधवार रात साकेत से ही गिरफ्तार किया गया.
दिप्रिंट ने फ्लोरिश स्टेज़ के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट की एक प्रति देखी है. उसमें लिखा है:
“हाउस ‘FLOURISH STAY’, मकान नंबर 269-C-2, हौज रानी, मालवीय नगर, नई दिल्ली-110017, जो श्री जय मिश्रा के स्वामित्व में है, उसे दिल्ली पर्यटन विभाग द्वारा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली (इन्क्रेडिबल इंडिया) बेड एंड ब्रेकफास्ट एस्टैब्लिशमेंट (रजिस्ट्रेशन एंड रेगुलेशन) एक्ट, 2007 के तहत सिल्वर कैटेगरी में 6 कमरों (पहली मंजिल पर 3 और दूसरी मंजिल पर 3 कमरे) के लिए पंजीकृत किया गया है.”
दस्तावेज के अनुसार यह पंजीकरण 3 मई 2024 से तीन वर्षों के लिए वैध है.
इसमें कहा गया है कि परिसर का पहला निरीक्षण 25 अप्रैल 2024 को वर्गीकरण समिति द्वारा किया गया था. आवेदनकर्ता अपने परिवार के साथ वहीं रहता पाया गया था. मिश्रा ने B&B योजना के तहत सिल्वर कैटेगरी में 6 कमरों के पंजीकरण के लिए आवेदन किया था. आदेश में कहा गया है:
“इसलिए वर्गीकरण समिति ने पहली मंजिल पर 3 और दूसरी मंजिल पर 3 कमरों सहित कुल 6 कमरों को सिल्वर कैटेगरी के तहत बेड एंड ब्रेकफास्ट योजना में पंजीकरण के लिए अनुशंसित किया है.”
आरोप है कि बजाज ने नियमों और शर्तों का दुरुपयोग कर अपनी संपत्ति को 6 कमरों वाले B&B से बढ़ाकर 24 कमरों तक कर दिया.
उक्त पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि दिल्ली पर्यटन विभाग की B&B सूची में फ्लोरिश स्टे को केवल 6 कमरों वाले सिल्वर कैटेगरी B&B के रूप में जय मिश्रा के नाम पर दर्ज किया गया था.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: मालवीय नगर आग के बीच मालिक का दूसरा होटल भी खाली कराया गया, सिर्फ 200 मीटर दूर थी दूसरी प्रॉपर्टी