scorecardresearch
Monday, 26 October, 2026
होमदेशमहुआ मोइत्रा ने मोदी के बारे में खरगे की टिप्पणी का किया बचाव

महुआ मोइत्रा ने मोदी के बारे में खरगे की टिप्पणी का किया बचाव

Text Size:

नयी दिल्ली, 26 अक्टूबर (भाषा) तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी का सोमवार को समर्थन किया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की एक टिप्पणी का वीडियो साझा करते हुए मोइत्रा ने राजनीतिक हमलों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रतिक्रिया में दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। शाह ने कहा था कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दादी भी नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को रोक नहीं सकतीं।

खरगे ने रविवार को बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर पटना में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करने हुए कहा था कि कांग्रेस ‘वोट चोरी’ में शामिल लोगों को जेल भेजेगी। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति ने खरगे की बात बीच में काटते हुए चिल्लाकर कहा, ‘‘मोदी कहीं नहीं जाएंगे।’’ इस पर मंच से खरगे ने जवाब दिया, ‘‘मोदी का बाप भी जाएगा, बाप भी जाएगा।’’

मोइत्रा ने ‘एक्स’ पर कई पोस्ट किए।

उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, ‘‘सिर्फ पिता ही क्यों? पिता के पिता भी जाएंगे। खरगे जी, आपने बिल्कुल सही कहा। हम आपको भरोसा दिलाते हैं कि अंत तक इसके खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे।’’

भाजपा के नारे पर तंज कसते हुए उन्होंने लिखा, ‘‘भाजपा: मोदी सत्ता में आएंगे। भारत: मोदी और उनके पिता जाएंगे।’’

तृणमूल कांग्रेस की सांसद ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें अमित शाह को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि राहुल गांधी की दादी भी सीएए को रोक नहीं सकतीं।

मोइत्रा ने कहा, ‘‘भाजपा और गोदी मीडिया को यह बहुत पसंद आया था। अब, खरगे ने कहा कि मोदी के पिता भी जाएंगे (और हां, अदाणी भी जाएंगे)। इसे स्वीकार कर लीजिए। जो नियम एक पक्ष पर लागू होता है, वही दूसरे पर भी लागू होना चाहिए।’’

भाषा आशीष माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments