मुंबई, 21 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के जलापूर्ति एवं स्वच्छता मंत्री गुलाबराव पाटिल ने बुधवार को नागपुर, अमरावती और कोंकण संभागों के अधिकारियों से आने वाले महीनों में पानी की कमी की स्थिति से निपटने की तैयारी करने और गांव के हिसाब से कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यहां आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि फिलहाल इन तीनों संभागों में पानी की गंभीर कमी नहीं है, फिर भी प्रशासन को तैयार रहना चाहिए।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पानी के टैंकरों का इस्तेमाल आखिरी विकल्प होना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को केंद्र सरकार के जल जीवन मिशन के तहत उन जलापूर्ति योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा व चालू करने का निर्देश दिया, जिनका 75 से 99 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
पाटिल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जनप्रतिनिधियों और ग्राम पंचायतों से चर्चा करके तथा मौके पर जाकर निरीक्षण करने के बाद 25 अक्टूबर तक नागपुर, अमरावती और कोंकण संभागों में पानी की संभावित कमी से निपटने के लिए गांव के हिसाब से कार्ययोजनाएं तैयार करें।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने, पंप लगाने, बिजली कनेक्शन देने और ट्रांसफॉर्मर लगाने जैसे बचे हुए काम जल्द पूरे किए जाने चाहिए।
भाषा जोहेब अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.