नयी दिल्ली, 14 नवंबर (भाषा) विदेश में रह रहे एक गैंगस्टर से जुड़े दो कथित शार्पशूटर की गिरफ्तारी के बाद जांच में पता चला है कि उनमें से एक को बॉलीवुड के एक प्रमुख अभिनेता के आवास के बाहर गोलीबारी करने के लिए मुंबई में और अधिक समय के लिए रहने का निर्देश दिया गया था। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने अभिनेता की पहचान अमिताभ बच्चन के रूप में की है।
उनके मुताबिक, गिरोह 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर उनकी कथित टिप्पणियों के कारण उन्हें निशाना बनाना चाहता था। हालांकि, बच्चन ने ऐसी कोई भी टिप्पणी करने की बात से लगातार इनकार किया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने ‘इंस्टाग्राम’ इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में वांछित एक आरोपी को एक अन्य कथित शूटर के साथ गिरफ्तार किया है। उन दोनों की गिरफ्तारी से बॉलीवुड अभिनेता और दिल्ली के एक कारोबारी पर रंगदारी के लिए हमला करने की साजिश को नाकाम हो गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जालंधर निवासी विकास ठाकुर उर्फ विक्की (25) और पंजाब के तरनतारन निवासी दीप उर्फ दीपक सिंह के रूप में हुई है। विशेष प्रकोष्ठ ने खुफिया जानकारी के आधार पर दिल्ली और मुंबई में अलग-अलग अभियान चलाकर इन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) नर्रा चैतन्य ने बताया कि विदेश में रह रहे गैंगस्टर के निर्देश पर विकास एक कारोबारी को निशाना बनाकर रंगदारी के लिए गोलीबारी करने के मकसद से मुंबई से दिल्ली आया था और दीप को बाद में उसके साथ शामिल होना था लेकिन पुलिस ने हमले को अंजाम दिए जाने से पहले ही विकास को पकड़ लिया।
विकास की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मुंबई में दीप का पता लगाया।
पुलिस के मुताबिक, दीप अमृतसर में तीन अक्टूबर को ‘इंस्टाग्राम’ इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के बाद से मुंबई में छिपा हुआ था।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने ‘इंस्टाग्राम’ इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में वांछित एक आरोपी और विदेश में रह रहे एक गैंगस्टर से जुड़े एक अन्य कथित शूटर को गिरफ्तार कर बॉलीवुड अभिनेता व राष्ट्रीय राजधानी के एक कारोबारी पर रंगदारी के लिए कथित तौर पर हमला करने की साजिश को नाकाम कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में पता चला कि विदेश में रह रहे गैंगस्टर ने दीपक सिंह को मुंबई में और अधिक समय तक रुकने का निर्देश दिया था।
विशेष प्रकोष्ठ पुलिस थाना में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
भाषा प्रचेता सुभाष
सुभाष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.