जयपुर, 24 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान में कई स्थानों पर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्की से मध्यम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी।
विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह तक पिछले 24 घंटों के दौरान कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, अलवर, डीग, दौसा और चूरू जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राज्य के शेष हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा।
इस दौरान सबसे अधिक 25 मिलीमीटर बारिश विराटनगर (कोटपूतली-बहरोड़) में दर्ज की गई। वहीं, राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 38.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 24 अक्टूबर को भी बीकानेर और जयपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
विभाग ने बताया कि 25 अक्टूबर से राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले तीन से चार दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
भाषा पृथ्वी खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.