scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशएलडीएफ ने सोने के टुकड़ों के लिए भगवान अयप्पा के साथ विश्वासघात किया : राजनाथ

एलडीएफ ने सोने के टुकड़ों के लिए भगवान अयप्पा के साथ विश्वासघात किया : राजनाथ

Text Size:

कोच्चि, एक अप्रैल (भाषा) भाजपा के वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को आरोप लगाया कि भगवान का अपना घर कहे जाने वाले केरल में “भगवान सुरक्षित नहीं हैं” क्योंकि सत्तारूढ़ एलडीएफ ने सोने के कुछ टुकड़ों के लिए भगवान अय्यप्पा के साथ विश्वासघात किया।

वह स्पष्ट रूप से सबरीमाला सोने की चोरी के मामलों का संदर्भ दे रहे थे।

परवूर विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि जिस तरह जूडस (इस्कैरियट) ने यीशु मसीह को धोखा दिया, उसी तरह वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने भगवान अय्यप्पा को धोखा दिया।

उन्होंने एलडीएफ और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) पर केरल की जनता के साथ विश्वासघात करने, समाज को विभाजित करने, राज्य की अर्थव्यवस्था को “नष्ट” करने और जनता से किए गए वादों को पूरा न करने का भी आरोप लगाया।

रक्षा मंत्री ने चुनावी भाषण के दौरान यह भी आरोप लगाया कि एलडीएफ और यूडीएफ दोनों में ‘फ्रंट’ (मोर्चा) शब्द का अर्थ “भ्रष्टाचार का मोर्चा” है।

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि एलडीएफ का अर्थ “लूट, विभाजन और विफलता” है, जबकि यूडीएफ का अर्थ “अविश्वास, बेईमानी और धोखाधड़ी” है।

अपने भाषण के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि 2020 में राज्य प्रायोजित सोने की तस्करी हुई और केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के करीबी लोग इसमें शामिल थे।

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के परिवार का कोई सदस्य कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) से जुड़े एक मामले में धन शोधन में कथित तौर पर शामिल पाया गया था।

सिंह ने दावा किया कि यूडीएफ के कार्यकाल के दौरान भी कई “घोटाले” हुए थे और वे एलडीएफ के कार्यकाल जितने ही बुरे थे।

केरल में विधानसभा चुनाव नौ अप्रैल को होंगे।

भाषा प्रशांत रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments