बेंगलुरु, दो नवंबर (भाषा) उत्तराखंड में जोशीमठ के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मारे गए कर्नाटक के सभी पांच लोगों का अंतिम संस्कार सोमवार को उनके पैतृक स्थानों पर किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मृतकों की पहचान हासन के कारोबारी प्रताप, बेंगलुरु पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) में निरीक्षक अरुण सालुंके, अधिवक्ता शंकर गौड़ा और के. सुधीर तथा कुक्कुट पालन व्यवसायी एच. एस. नटराज के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि उनके पार्थिव शरीर रविवार देर रात यहां केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लाए गए थे, जिसके बाद उन्हें उनके पैतृक स्थानों पर ले जाया गया।
हेलीकॉप्टर के पायलट कैप्टन हिमांशु की भी इस दुर्घटना में मौत हो गई थी।
अधिकारियों के अनुसार निरीक्षक सालुंके का पार्थिव शरीर बेलगावी जिले के उनके पैतृक गांव अराटल लाया गया जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ बेंगलुरु में रहते थे।
प्रताप हासन जिले के, सुधीर दावणगेरे जिले के जबकि गौड़ा तथा नटराज तुमकुरु जिले के रहने वाले थे।
यह दुर्घटना शुक्रवार को जोशीमठ में चाई गांव के पास पहाड़ी पर उस समय हुई, जब हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा था।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.