scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमदेशलद्दाख प्रशासन ने करगिल पर्वतीय परिषद भंग की, उपायुक्त को सौंपी शक्तियां

लद्दाख प्रशासन ने करगिल पर्वतीय परिषद भंग की, उपायुक्त को सौंपी शक्तियां

Text Size:

जम्मू/लेह, 21 अक्टूबर (भाषा) लद्दाख प्रशासन ने केंद्र-शासित प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे के पुनर्गठन के बीच मुख्य कार्यकारी पार्षद, तीन कार्यकारी पार्षदों और छह अन्य पार्षदों के इस्तीफे के बाद लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद (एलएएचडीसी) करगिल को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है।

लद्दाख के आयुक्त-सचिव (राजस्व) शुर्बीर सिंह ने बुधवार देर रात इस संबंध में आदेश जारी किया। यह फैसला पूर्ववर्ती करगिल जिले के क्षेत्रों को अलग कर दरास, जांस्कर और संकू सहित नये जिले बनाए जाने के बाद लिया गया है।

लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद अधिनियम, 1997 के तहत उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के निर्देश पर जारी आदेश में कहा गया है कि क्षेत्रीय सीमाओं के पुनर्निर्धारण के कारण करगिल पर्वतीय विकास परिषद का मौजूदा ढांचा कानूनी रूप से उचित नहीं रह गया है और वह अपने मूल ढांचे के तहत काम करने में सक्षम नहीं है।

आदेश में कहा गया है, ”लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद, करगिल के नाम से ज्ञात निकाय को तत्काल प्रभाव से भंग कर उसका गठन समाप्त किया जाता है।”

भाषा

शुभम राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments