देहरादून, 17 जून (भाषा) कांग्रेस महासचिव और पार्टी मामलों की उत्तराखंड की प्रभारी कुमारी सैलजा बुधवार को प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचीं तथा पार्टी की विभिन्न इकाइयों के अध्यक्षों के साथ बैठक की।
प्रदेश में अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर सैलजा का इस माह यह दूसरा दौरा है।
पार्टी सूत्रों ने यहां बताया कि जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों, पार्टी के अनुषांगिक संगठनों, विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक में उनके कामकाज की समीक्षा की गयी। इसके अलावा 2027 चुनाव को लेकर पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी।
बैठक में संगठन की मजबूती, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों, आगामी कार्यक्रमों एवं संगठन विस्तार को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई जहां सैलजा ने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में पार्टी मामलों के सह—प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, सह—प्रभारी मनोज यादव और संगठन सृजन अभियान के प्रभारी चेल्ला वामशी चंद रेड्डी भी मौजूद थे।
सूत्रों ने बताया कि अपने दौरे के दूसरे दिन कांग्रेस प्रभारी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर आगामी चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा करेंगी।
बाद में मीडिया से बातचीत में गोदियाल ने कहा कि बैठक में कई मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी का स्वरूप तय हो गया है और दो—चार दिन में उसका गठन हो जाएगा।
इससे पहले, देहरादून पहुंचने पर सैलजा का प्रदेश पार्टी अध्यक्ष गणेश गोदियाल और राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने स्वागत किया।
भाषा दीप्ति सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.