scorecardresearch
Saturday, 20 June, 2026
होमदेशकोल्लम में केएसईबी का उप अभियंता रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया

कोल्लम में केएसईबी का उप अभियंता रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया

Text Size:

कोल्लम (केरल), 20 जून (भाषा) केरल राज्य विद्युत बोर्ड (केएसईबी) के एक उप-अभियंता को सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) ने यहां कुम्मल्लूर में एक नवनिर्मित औद्योगिक इकाई को बिजली कनेक्शन देने के एवज में कथित तौर पर 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की पहचान नजीर आई (53) के रूप में हुई है, जो केएसईबी के चथन्नूर अनुभाग कार्यालय में उप-अभियंता है और मुखाथला का रहने वाला है। वीएसीबी ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

वीएसीबी के अधिकारियों के अनुसार, पथनमथिट्टा जिले निवासी एक शिकायतकर्ता ने छह महीने पहले यहां कुम्मल्लूर में एक नयी स्थापित मसाला निर्माण और विपणन संबंधी एक इकाई के लिए ऑनलाइन बिजली कनेक्शन का आवेदन किया था। वह एक निजी कंपनी में संचालन प्रमुख के रूप में कार्यरत है।

अधिकारियों ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर स्थापित होने और आरोपी द्वारा दो बार निरीक्षण करने के बावजूद बिजली कनेक्शन नहीं दिया गया।

वीएसीबी ने बताया कि नजीर ने कथित तौर पर 19 जून को भवन निर्माण ठेकेदार को फोन कर बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने व मंजूरी देने के एवज में 5,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने ठेकेदार को भी बताया कि वह अगले दिन मौका मुआयना करेगा।

हालांकि, शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था इसलिए उसने वीएसीबी की कोल्लम इकाई से संपर्क कर इस संबंध में एक शिकायत दर्ज कराई।

इसके बाद वीएसीबी की टीम ने जाल बिछाया और परिसर की निगरानी शुरू कर दी।

अधिकारियों ने बताया कि नजीर को शनिवार अपराह्न करीब 12.10 बजे कुम्मल्लूर में औद्योगिक इकाई में शिकायतकर्ता से कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा गया है और उसे कोल्लम की सतर्कता अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।

भाषा प्रचेता पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments