तिरुवनंतपुरम, 18 अप्रैल (भाषा) केरल ने मंगलवार को कहा कि वह तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन के उस प्रस्ताव पर ‘‘अत्यंत गंभीरता’’ से विचार करेगा, जिसमें उन्होंने संबंधित विधानसभाओं द्वारा पारित विधेयकों को मंजूरी देने के लिए राज्यपालों के लिए समय सीमा तय करने के मकसद से राज्य विधानसभा में एक प्रस्ताव पारित करने का सुझाव दिया है।
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने स्टालिन को एक पत्र के माध्यम से यह सूचित किया। स्टालिन ने केरल विधानसभा में एक प्रस्ताव पारित करने का सुझाव दिया था, जैसा कि तमिलनाडु विधानसभा द्वारा विधेयकों को मंजूरी देने के मद्देनजर राज्यपालों के लिए समय सीमा तय करने के उद्देश्य से पारित किया गया था।
स्टालिन द्वारा 11 अप्रैल को भेजे गए पत्र के जवाब में विजयन ने कहा, ‘‘हमारे संविधान की संघीय भावना के रक्षकों के रूप में हमें चुनी हुई राज्य सरकारों के कामकाज को बाधित करने से रोकने के हर प्रयास में सहयोग करना होगा।’’
उन्होंने कहा कि भले ही संविधान में विधेयकों को स्वीकृति देने की समय सीमा का विशेष रूप से उल्लेख नहीं किया गया है, लेकिन यह तार्किक समय सीमा होनी चाहिए।
भाषा रवि कांत नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.