तिरुवनंतपुरम, 23 नवंबर (भाषा) केरलम विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन ने सोमवार को मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन पर राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ ‘भड़काऊ’ बयान देने का आरोप लगाया और कहा कि इस तरह के बयान कानून के शासन को खुली चुनौती देने के समान हैं।
कन्नूर में युवा कांग्रेस के एक मार्च के दौरान मुख्यमंत्री की ओर से हाल ही में दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए विजयन ने कहा कि ये बयान विपक्ष पर हमला करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को उकसाने की कोशिश भी हैं।
मुख्यमंत्री सतीशन ने कथित तौर पर कहा था कि उनकी सरकार उन युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ हुए खून-खराबे और तकलीफों का बदला लेगी, जिन्होंने सरकार बनाने के लिए काम किया था।
उन्होंने यह भी कहा था कि सरकार उनके बलिदानों का ‘बदला लेगी’ और “एक-एक का हिसाब लिया” जाएगा।
मुख्यमंत्री ने विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन का भी जिक्र किया था और कहा था कि ये जांच युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जुड़ी घटनाओं के कारण की जा रही हैं।
विजयन ने एक बयान में कहा कि संविधान की शपथ लेने वाले मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी है कि वह बिना किसी डर या पक्षपात के शासन चलाएं।
उन्होंने कहा कि “बदला लेंगे” और “एक-एक से हिसाब चुकता करेंगे” जैसे शब्दों का इस्तेमाल करना संविधान के प्रति ली गई शपथ का उल्लंघन है।
विजयन ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के इन बयानों से जांच की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान पुलिस और जांच अधिकारियों पर खुला राजनीतिक दबाव बनाने के समान हैं।
भाषा जोहेब संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.