तिरूवनंतपुरम, दो नवंबर (भाषा) केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार सोशल मीडिया पर महिलाओं के अपमान और उत्पीड़न को रोकने के लिए एक विशेष अधिनियम लाने के कानूनी पहलुओं पर विचार-विमर्श कर रही है।
सतीशन ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के एक फैसले के बाद, मौजूदा कानून सोशल मीडिया पर होने वाले ऐसे उत्पीड़न से बहुत कम सुरक्षा प्रदान करता है, इसलिए एक विशेष कानून लाने पर विचार किया जा रहा है।
सतीशन ने ‘मकलकोप्पम’ का उद्घाटन करते हुए यह बात कही। यह महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय संगोष्ठी है, जिसका उद्देश्य विभिन्न हितधारकों के साथ चर्चा करके महिलाओं के लिए एक विशेष नीति तैयार करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर महिलाओं को अक्सर अपमानित किया जाता है, जिनमें आम महिलाएं मुख्य रूप से निशाना बनती हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि सोशल मीडिया पर किसी भी महिला का उत्पीड़न न हो या उसका अपमान न किया जाए।
सतीशन ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों, विधायकों और अन्य राजनीतिक नेताओं को पता है कि सोशल मीडिया पर होने वाले हमलों से अपना बचाव कैसे करना है।
उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिए भी काम कर रही है।
भाषा
सुभाष वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.