कोच्चि, नौ जुलाई (भाषा) केरल के पेरुम्बावूर में मादक पदार्थों का तस्कर होने के शक में छह लोगों ने तीन युवकों से कथित तौर पर मारपीट की और उनके सिर मुंडवा दिए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, छह नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126 (गलत तरीके से रोकना), 127 (बंधक बनाना), 296(बी) (अश्लील कृत्य और अपशब्द कहना), 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 133 (अपमानित करने के उद्देश्य से हमला करना), 189 (गैरकानूनी सभा), 191(2) (दंगा करना) और 190 (गैरकानूनी सभा का साझा इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पीड़ित युवकों ने आरोप लगाया कि बुधवार को छह लोगों ने उन्हें बिना किसी वजह के रोककर बंधक बना लिया। आरोपियों ने उन पर मादक पदार्थ तस्कर होने का आरोप लगाया, अपशब्द कहे और उनसे मारपीट की।
बृहस्पतिवार को दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, इसके बाद युवकों को घुटनों के बल बैठाया गया और उनके सिर मुंडवा दिए।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।
भाषा खारी नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.