तिरुवनंतपुरम: केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर अंतरराज्यीय नशा तस्करी पर सख्त और संयुक्त कार्रवाई की अपील की है.
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से बुधवार को जारी बयान के अनुसार, यह पहल केरल सरकार के नशा विरोधी अभियान ‘ऑपरेशन तूफान’ का हिस्सा है. इस अभियान का उद्देश्य राज्य को नशे की लत से मुक्त करना और ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क को खत्म करना है.
अपने पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘ऑपरेशन तूफान’ के तहत खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई तेज कर दी गई है.
उन्होंने बताया कि एजेंसियां ड्रग्स तस्करों के वित्तीय नेटवर्क को निशाना बना रही हैं और अवैध तरीके से अर्जित उनकी संपत्तियों को जब्त कर रही हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क कई राज्यों में फैले हुए हैं, इसलिए पड़ोसी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच समन्वित कार्रवाई बेहद जरूरी है.
पत्र में कहा गया है कि केरल की कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी से जुड़ी सीमाएं, प्रमुख राजमार्ग, पर्यटन स्थल, छात्र नेटवर्क और शहरी वितरण केंद्र ड्रग्स माफिया द्वारा इस्तेमाल किए जा सकते हैं.
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि केरल पुलिस ने कई अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है.
हालांकि उन्होंने कहा कि ऐसे नेटवर्क के खिलाफ और प्रभावी कार्रवाई के लिए राज्यों के बीच रियल टाइम खुफिया जानकारी साझा करना, संयुक्त अभियान चलाना और समन्वित योजना बनाना जरूरी है.
इसी उद्देश्य से उन्होंने केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी के अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाने का प्रस्ताव दिया है, ताकि अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी के खिलाफ साझा कार्ययोजना तैयार की जा सके.
पत्र में यह भी कहा गया है कि गृह मंत्री रमेश चेन्निथला, राज्य पुलिस प्रमुख रावड़ा चंद्रशेखर और टैक्टिकल कमांडर पुत्त विक्रमादित्य कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी के पुलिस प्रमुखों तथा गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर समन्वित कार्रवाई को मजबूत करने के लिए तैयार हैं.