scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशकेरल : मोदी ने राजग की रैली में कांग्रेसी नेताओं पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों का मुद्दा उठाया

केरल : मोदी ने राजग की रैली में कांग्रेसी नेताओं पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों का मुद्दा उठाया

Text Size:

पलक्कड़ (केरल), 29 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को पलक्कड़ में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए जिले के तत्कालीन कांग्रेस नेताओं से जुड़े यौन उत्पीड़न के आरोपों का जिक्र किया।

पलक्कड़ निर्वाचन क्षेत्र के मौजूदा विधायक राहुल ममकुटाथिल ने 2024 में कांग्रेस के टिकट पर उपचुनाव में सीट जीत हासिल की थी और उनपर यौन उत्पीड़न का आरोप लगने पर उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।

पलक्कड़ जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को 24वें डिवीजन के पार्षद प्रशोब सी वलसन को भी यौन उत्पीड़न की घटना की रिपोर्ट सामने आने के बाद निष्कासित कर दिया। इन दोनों घटनाओं का संदर्भ देते हुए मोदी ने महिलाओं से सतर्क रहने की अपील की।

प्रधानमंत्री मुख्य रूप से केरल में पार्टी की मुखर महिला नेता शोभा सुरेंद्रन के लिए प्रचार कर रहे थे, जो पलक्कड़ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं।

उन्होंने द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति चुने जाने का जिक्र करते हुए कहा कि राजग ने एक साधारण परिवार की बेटी को देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचाया है।

मोदी ने कहा कि वहीं दूसरी ओर, पलक्कड़ में कांग्रेस के अपने नेता ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए खतरा बन गए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कल ही कांग्रेस को एक महिला के शोषण के गंभीर आरोपों के बाद अपने एक और नेता को निष्कासित करने के लिए मजबूर होना पड़ा। यही इन दलों की सच्चाई है और केरल की महिलाओं को इसके प्रति सतर्क रहने की जरूरत है।’’

इसी बीच, ममकुटाथिल ने पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को महिलाओं की सुरक्षा के बारे में बोलने का कोई अधिकार नहीं है।

पलक्कड़ विधायक ममकुटाथिल ने एक फेसबुक पोस्ट में पूर्व सांसद बृज भूषण पर महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए उत्पीड़न के आरोप सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राजग नेताओं के खिलाफ विभिन्न मामलों का जिक्र किया।

भाषा धीरज नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments