नई दिल्ली: उत्तराखंड में केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा ने तेजी पकड़ ली है. धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और अब तक करीब 1 लाख 10 हजार लोग बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं.
केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने बताया कि कपाट खुलने के तीसरे दिन ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं. साथ ही भगवान भैरवनाथ के कपाट भी खुल गए हैं. उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं सुचारु हैं और हर श्रद्धालु को दर्शन का अवसर मिल रहा है.
वरिष्ठ सदस्य उमेश चंद्र पोस्ती ने कहा कि बीकेटीसी और जिला प्रशासन के नेतृत्व में व्यवस्थाएं बेहतर हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों को निराधार बताते हुए श्रद्धालुओं से निश्चिंत होकर आने की अपील की.
केदार सभा के सदस्य संजय तिवारी ने बताया कि ठहरने, भोजन और दर्शन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं. टोकन व्यवस्था से दर्शन प्रक्रिया सुगम बनी हुई है.