नई दिल्ली: मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव शनिवार को राजधानी भोपाल के वीआईपी रोड स्थित एक रेस्टॉरेंट में अचानक पहुंचे. यहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना और मौजूद लोगों से सीधा संवाद किया. मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर लोगों में उत्साह देखने को मिला और उन्होंने खुलकर अपने विचार साझा किए.
इस दौरान यादव ने कहा कि राज्य में लगातार तीसरे वर्ष जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है, जिससे कुओं, बावड़ियों और पारंपरिक जल स्रोतों को पुनर्जीवित किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि जल संरक्षण के क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश में अग्रणी बन रहा है.
मुख्यमंत्री ने किसानों के मुद्दे पर भी जोर देते हुए कहा कि सरकार गेहूं के साथ चना और मसूर की खरीदी कर रही है और किसान हित सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख करते हुए महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के फैसले को ऐतिहासिक बताया.
साथ ही, उन्होंने कांग्रेस पर महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगाया और माफी की मांग की. कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ संवाद कर महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार से जुड़े प्रयासों की जानकारी भी साझा की.